'मकसद में कामयाब होना है तो व्यवस्थित हो आम आदमी पार्टी'

ऐसी ही कुछ बातें सामने निकल कर आयीं, जब हमने कर्नाटक पर्सन ऑफ द ईयर 2013 व समाज सेवी, भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग लड़ रहे एसआर हीरामठ से बात की। गुरुवार को वनइंडिया ने उन्हें इस खिताब से नवाजा। सम्मान समारोह के बाद विशेष बातचीत में हीरामठ ने कहा कि आम आदमी पार्टी के अंदर ऊर्जा है, कुछ पाने की ललक है, देश को बदलने की चाहत है, पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता देश के लिये कुछ करना चाहता है, लेकिन इन सबके बावजूद पार्टी व्यवस्थित नहीं है। वर्तमान में केजरीवाल की इस पार्टी के लिये सबसे ज्यादा जरूरी चीज यही है। साथ में पार्टी को एक आकार देना भी जरूरी है, जो अभी तक नहीं मिला है।
कर्नाटक पर्सन ऑफ द ईयर 2013
हीरामठ ने कहा अगर केजरीवाल की पार्टी को देश के अन्य राज्यों में पैठ बनानी है, तो पार्टी को प्रभावी रूप से संगठित करने और एक आकार देने की जरूरत है। यह पार्टी देश में एक उम्मीद की किरण के रूप में आगे आयी है। इसके कार्यकर्ताओं, सदस्यों के पास ऊर्जा है, गति है, पर सही गलत के फैसले के मामले में थोड़े कच्चे हैं, लिहाजा जो पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को आजादी के अंदोलन का गहराई से अध्ययन करना चाहिये। देश की आजादी का आंदोलन अब तक का सबसे बड़ा आंदोलन था, उसका गहराई से अध्ययन करें तो आपको कई बातें पता चलेंगी, जो अब तक शायद आपको नहीं पता।
कर्नाटक में खनन माफियाओं का पर्दाफाश करने में अहम भूमिका निभाने वाले हीरामठ ने कहा कि देश में विज्ञान और कला के प्रेमी तो हैं, लेकिन दर्शन के नहीं, जो एक बड़ी कमी है। जिस प्रकार हम अपने घर के सदस्यों व मित्रों के साथ संबंधों के लिये कुछ भी करने को तैयार रहते हैं उसी प्रकार देश के प्रत्येक नागरिक को पता होना चाहिये कि प्रकृति के साथ उसका क्या संबंध है आने वाली जैनरेशन के साथ उसका क्या संबंध है और उन्हीं संबंधों के लिये कुछ कर दिखाने की चाह जरूर होनी चाहिये। या फिर यूं कहिये कि मातृ ऋण, पितृ ऋण के साथ-साथ समाज के प्रति ऋण को चुकाने की चाह भी हर इंसान के अंदर होनी चाहिये, क्योंकि हमें बनाने में समाज का भी बहुत बड़ा योगदान होता है।












Click it and Unblock the Notifications