Aaj ka Mausam: अंडमान-निकोबार में चक्रवात का खतरा, अलर्ट जारी! कहां होगी बारिश, कहां बढ़ेगी ठंड, हर अपडेट
Aaj ka Mausam (Weather Forecast 21 Oct 2025): दिवाली के बाद आज यानी मंगलवार को देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिल्ली से मुंबई तक एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब श्रेणी में है। दिल्ली की हवा में हल्की ठंड और धुंध घुली है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक सुबह के समय हल्की फॉग देखने को मिलेगी जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दिवाली के बाद पूरे देश में मौसम का मिजाज अलग-अलग दिखाई दे रहा है। कहीं हवा में धुंध और प्रदूषण है, तो कहीं बारिश और आंधी की आशंका। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले हफ्ते में दक्षिण भारत में बारिश, पूर्वोत्तर में तूफान और उत्तर भारत में ठंड बढ़ेगी। यानी इस बार दिवाली के बाद मौसम अपने कई रंग दिखाने को तैयार है।

अंडमान-निकोबार में चक्रवात का खतरा, अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र को लेकर अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के लिए चक्रवात का अलर्ट जारी किया है। यह दबाव 21 अक्टूबर से तेज़ी पकड़ सकता है। विभाग का अनुमान है कि 23 अक्टूबर तक इन द्वीपों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी।
21 से 23 अक्टूबर तक कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40 से 55 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। समुद्री स्थिति खराब रहने की संभावना है, इसलिए मछुआरों को 24 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। निकोबार के कुछ हिस्सों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है।
दक्षिण भारत में फिर से बरसेंगे बादल
दक्षिण भारत के कई हिस्सों में आज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि तमिलनाडु के इरोड, नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुपुर, डिंडीगुल, मदुरै, रामनाथपुरम, तंजावुर, तिरुवरूर और नागपट्टिनम जैसे जिलों में 64.5 से 111.5 मिमी तक बारिश का पूर्वानुमान है।
इसके अलावा, चेन्नई और आसपास के तटीय इलाकों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में भी आज बौछारें पड़ सकती हैं और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
मुंबई में लौट आई 'अक्टूबर हीट'
दिवाली की रौनक के बीच मुंबई में गर्मी और उमस ने लोगों का पसीना छुड़ा दिया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी और पूर्वोत्तर मानसून के आगमन से तापमान में अचानक बढ़ोतरी हुई है। सांताक्रूज़ में अधिकतम तापमान 35.9°C और न्यूनतम 25.1°C दर्ज हुआ, जबकि कोलाबा में 35°C और 26.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। अगले 48 घंटे तक तापमान इसी स्तर पर रहने का अनुमान है। वहीं मुंबई में वायु गुणवत्ता भी गिर गई है। बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में AQI 336 दर्ज किया गया जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।
उत्तर प्रदेश में बढ़ने लगी ठंड, सुबह दिखी धुंध
उत्तर प्रदेश में दिवाली के अगले दिन सुबह की शुरुआत हल्की धुंध और ठंडक के साथ हुई। राज्य में दिन के समय धूप खिली रही, जबकि रातें ठंडी होने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा।
21 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और 22 से 25 अक्टूबर तक आसमान साफ रहने की संभावना है। 26 अक्टूबर तक बारिश या तेज हवाओं के आसार नहीं हैं। कानपुर में सबसे ज्यादा तापमान 35℃ दर्ज किया गया, जबकि आगरा, मेरठ और प्रयागराज में 33℃ के आसपास रहा।
उत्तराखंड में कल से बारिश और बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन 22 अक्टूबर से पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
ला नीना के प्रभाव के चलते इस बार ठंड जल्दी दस्तक दे रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों का तापमान भी नीचे जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ हफ्तों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीत लहर की शुरुआत हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications