केरल के इडुक्की में 2 बच्चों की मां ने अपने प्रेमी पर फेंका तेजाब, शादी से कर रहा था इनकार
इडुक्की, 21 नवंबर। केरल के इडुक्की जिले के आदिमाली इलाके में एक 35 साल की महिला ने एक युवक के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक उस महिला का लवर था और महिला से शादी करने से इनकार कर रहा था। इसी का बदला लेने के लिए महिला ने युवक पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
Recommended Video

इस हमले में अरुण की आंखों की रोशनी चली गई
आरोपी महिला की पहचान शीबा के रूप में हुई है और हैरानी वाली बात ये है कि महिला 2 बच्चों की मां है। वहीं पीड़ित युवक का नाम अरुण कुमार है। अरुण तिरुवनंतपुरम के पूजापुरा का रहने वाला है और ये घटना मंगलवार की है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे इरुंपुपलम में सेंट एंटनी कैथोलिक चर्च के पास अरुण पर शीबा ने तेजाब फेंका था। इस हमले में अरुण की आंखों की रोशनी चली गई है।
फेसबुक पर मिले थे शीबा और अरुण
जानकारी के मुताबिक, अरुण और शीबा फेसबुक के जरिए एक-दूसरे से मिले थे। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। फिर शीबा ने अरुण पर शादी के लिए दबाव डाला, लेकिन अरुण ने शादी से इनकार कर दिया था। दरअसल, अरुण को ये नहीं पता था की शीबा दो बच्चों की मां है और जब उसे ये पता चला तो उसने शादी से इनकार कर दिया। शीबा ने अरुण को मिलने के लिए बुलाया था और जब दोनों बात कर रहे थे तो अचानक शीबा ने अरुण के मुंह पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले के दौरान थोड़ा तेजाब शीबा के चेहरे पर भी पड़ गया, जिसकी वजह से उसका थोड़ा मुंह जल गया है।
पुलिस ने शीबा को किया गिरफ्तार
अरुण का इलाज तिरुवनंतपुरम के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। ये मामला पुलिस तक भी पहुंच गया है। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने अरुण का बयान दर्ज किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शीबा को उसके पति के घर से हिरासत में ले लिया।












Click it and Unblock the Notifications