पुणे: नई नवेली दुल्हन ने हनीमून से पहले दिया खौफनाक वारदात को अंजाम, प्रेमी ने खोला राज
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में हत्या की वारदात का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। यहां एक नई नवेली दुल्हन ने 13 दिन बाद अपने प्रेमी से मिलकर अपने पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पुणे के रहने वाले आनंद कांबले की शनिवार को महाबलेश्वर के पसरणी घाट इलाके में धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी दीक्षा और उसके प्रेमी ने हत्या को लूट की घटना का रूप देने की कोशिश की थी।

20 मई को हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, आनंद कांबले और दीक्षा ओव्हाल का 20 मई 2018 को बानेर में धूमधाम से विवाह हुआ था। शनिवार को आनंद अपनी पत्नी दीक्षा के साथ महाबलेश्वर घूमने निकला था। उनके साथ दीक्षा का दोस्त निखिल और उसकी पत्नी भी थे। बता दें कि यात्रा के दौरान पसरणी घाट में दीक्षा को उल्टी होने लगी, जिसके चलते गाड़ी रोकी गई।
बाइक सवार बदमाशों ने किया था हमला
दीक्षा ने पुलिस को बताया कि आनंद के साथ बाहर आ गई थी और निखिल और उसकी पत्नी कार के अंदर ही बैठे रहे। इसी दौरान बाइक पर दो बदमाश आए और आनंद पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर लहुलुहान कर दिया और फरार हो गए। घायल अवस्था में आनंद को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान आनंद की मौत हो गई।

पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस की जांच में जो सामने आया वो सबके लिए चौंकाने वाला था। महाबलेश्वर पुलिस ने जब दीक्षा के दोस्त निखिल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या का राज उगल दिया। उसने बताया कि दरअसल दीक्षा और उसका प्रेम संबंध चल रहा था और उन दोनों ने ही आनंद की हत्या करवाई है। पुलिस ने रविवार को आनंद की हत्या के आरोप में दीक्षा और उसके प्रेमी निखिल को गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications