अगस्ता वेस्टलैंट मामला: CBI ने बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल की मांगी 5 दिन की और रिमांड, वकील पेट्रिजी को मिलने से किया मना
नई दिल्ली। इटली की कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड के साथ वीवीआइपी चॉपर डील में हुए घोटाले मामले में बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल को शनिवार को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। जानकारी के मुताबिक, मिशेल (57) की पांच दिनों की सीबीआई रिमांड खत्म होने पर उसे विशेष सीबीआई न्यायाधीश अरविंद कुमार के समक्ष पेश किया गया। सुनवाई के दौरान केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने कोर्ट से क्रिश्चियन मिशेल की रिमांड 5 दिन और बढ़ाने की मांग की। कोर्ट ने चार दिन की रिमांड दे दी है।

वहीं पटियाला हाउस कोर्ट ने अल्जो के जोसेफ के साथ वकील रोजमेरी पेट्रिजी को क्रिश्चियन मिशेल से मिलने से मना किया है। इससे पहले 10 दिसंबर को कोर्ट ने बिचौलिये क्रिश्चियन मिशेल की हिरासत की अवधि 15 दिसंबर तक बढ़ा दी थी, ताकि सीबीआई हिरासत में उससे और पूछताछ कर सके। रिमांड की इस अवधि के दौरान मामले से जुड़े कई दस्तावेजों के बारे में उससे पूछताछ की गई थी।
यहां पर बता दें कि 4 दिसंबर को अगस्ता वेस्टलैंड मामले के बिचौलिये क्रिश्चियन मिशेल को भारत लाया गया था, ऐसा माना जा रहा है कि क्रिश्चियन मिशेल के आने से कई सारे राज खुल सकते हैं। भारत की जांच एजेंसियां लंबे समय से उसे भारत लाने का प्रयास कर रही थीं। यह ऑपरेशन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के नेतृत्व में चलाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications