58 लाख रुपए के सोने के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर एक यात्री गिरफ्तार
थोड़े दिनों पहले 13 मार्च को भी आईजीआई एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने एक यात्री को करीब 75 लाख रुपये के सोने के साथ गिरफ्तार किया था।
नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने एक यात्री को करीब 58 लाख रुपए के सोने से बनी पन्नी के साथ गिरफ्तार किया है। वह दुबई से दिल्ली आया था। पकड़े गए व्यक्ति ने सोना कार्डबोर्ड बॉक्स और स्कूल बैग में छुपा रखा था। जिसे कस्टम के अधिकारियों ने पकड़ लिया। कस्टम अधिकारियों ने 1920 ग्राम सोना कब्जे में लिया है। थोड़े दिनों पहले 13 मार्च को भी आईजीआई एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने एक यात्री को करीब 75 लाख रुपये के सोने के साथ गिरफ्तार किया था।

सोने के साथ चीनी नागरिक गिरफ्तार किया गया था
पिछले महीने भी दिल्ली एयरपोर्ट पर 91.88 लाख रुपये की कीमत के सोने के साथ चीनी नागरिक गिरफ्तार किया गया था। कस्टम्स अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया था। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया था कि आरोपी शख्स की गिरफ्तारी 21 फरवरी को हुई है। गिरफ्तार किया गया चीनी नागरिक हॉन्गकॉन्ग से दिल्ली आया था। एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI 317 से ये शख्स दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा था।

एसएसबी ने जांच के दौरान सोने के 19 बिस्किट बरामद किया
उधर बुधवार को ही नेपाल से दिल्ली जा रहे केरल निवासी युवक के पास से एसएसबी ने जांच के दौरान सोने के 19 बिस्किट बरामद किया। उसकी कीमत करीब 17 लाख बताई जा रही है। एसएसबी ने पूछताछ के बाद उसे सोनौली कस्टम को सौंप दिया। नेपाल से दिल्ली जाने वाली बस बुधवार शाम सोनौली पहुंची। जांच के दौरान केरल के कालिकट जिले के कलंगरामपोई गांव निवासी मोहम्मद अजीर के पास से एसएसबी ने सोने का बिस्किट बरामद किया।

बुधवार को क़तर एयरलाइंस से काठमांडू लौटा था
पूछताछ में उसने बताया कि वह दुबई कारोबार के सिलसिले में गया था। वहीं सोने की खरीद की। वहां से बुधवार को क़तर एयरलाइंस से काठमांडू लौटा। बस से सोनौली के रास्ते दिल्ली जा रहा था। इस बीच वह पकड़ लिया गया। इसके पहले भी वह करीब दस बार दुबई गया था। पहली बार उसने सोने की तस्करी के लिए सोनौली का रास्ता चुना।












Click it and Unblock the Notifications