MHA ने रद्द किए तबलीगी जमात में शामिल हुए 960 विदेशियों के वीजा, कार्रवाई के आदेश
नई दिल्ली। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में हुई तबलीगी जमात में शामिल होने वाले 960 विदेशियों पर गृह मंत्रालय ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं। गृह मंत्रालय ने वीजा शर्तों के उल्लंघन के लिए 960 तबलीगी जमात के विदेशियों के वीजा को रद्द कर दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि, इन सभी को ब्लैकलिस्ट भी कर दिया गया है। इसके साथ ही इनके खिलाफ एक्शन के भी आदेश दिए गए हैं।
Recommended Video

निजामुद्दीन के तबलीगी जमात मामले में गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित राज्यों के डीजीपी को निर्देश दिया है कि वे अधिनियम, 1946 और आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों का उल्लंघन करने के लिए 960 विदेशियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करें। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, तबलीगी जमात से संबंधित गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के बाद 960 विदेशियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया और उनके पर्यटक वीजा को भी रद्द कर दिया गया है।
दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तबलीगी जमात का मरकज देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना वायरस के प्रसार का एक प्रमुख केंद्र बिंदु बन कर उभरा है। देश में अब तक सामने आए कोरोना के मामलों में से लगभग 20 फीसदी तबलीगी जमात से जुड़े बताए जा रहे हैं। वहीं, गृह मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 9000 तबलीगी जमात से जुड़े सदस्यों और उनके संपर्कों की पहचान की गई है और उन्हें क्वॉरंटीन में रखा गया है।
गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि, अभी तक जिन 9000 तबलीगी जमात के कार्यकर्ता और उनसे संपर्क में आए लोगों की पहचान हुई है उनमें 1306 विदेशी हैं और बाकी भारतीय हैं। गृहमंत्रालय ने राज्यों से संपर्क के बाद ये आंकड़ें जुटाए हैं, इस मामले में पूरी तरह कार्यवाही चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications