असम पंचायत चुनाव: सिक्का उछालकर हुआ 6 विजेता का चयन, मतदान में मिले थे बराबर वोट
गुवाहाटी। असम में हाल ही पंचायत चुनावों में बीजेपी ने जबरदस्त जीत हासिल की है। इन पंचायत चुनाव में कई जगहों पर मुकाबला इतना रोचक हो गया कि हार जीत का फैसला सिक्के उछालकर करना पड़ा। बराक घाटी में हुए पंचायत चुनाव में कई जगह पर मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ। इसके बाद तय किया गया कि सिक्का उछालकर विजेता चुने जाएंगे जिसे उम्मीदवारों ने स्वीकार किया और इस तरह भाग्य के हिसाब से फैसला लिया गया।

टॉस के जरिए विजेता चुने गए
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक कछार जिले के निर्दलीय प्रत्याशी रंजना बेगम और कांग्रेस के इदरजान बोरभुइयां को बराबर 125-125 वोट मिले। उसके बाद मतगणना अधिकारियों ने सिक्का उछालकर उनकी किस्मत का फैसला किया। टॉस जीतने के बाद नतीजा इदरजान के पक्ष में रहा। इनके अलावा 5 अन्य उम्मीदवार जिसमें लालामुख ग्राम पंचायत के अंतर्गत एक अंचलिक पंचायत उम्मीदवार , निश्चिंतापुर के अंतर्गत 3 ग्राम पंचायत सदस्य और हइलाकंडी के पंचग्राम में एक उम्मीदवार भी टॉस के जरिए विजेता चुने गए।

हार-जीत का नतीजा सम्मान के साथ स्वीकार किया
एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लालामुख ग्राम पंचायत की 3 नंबर सीट से दो निर्दलीय उम्मीदवार जवाहरलाल और संजीब नारायण दूसद के बीच बराबरी पर खत्म हुआ। इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने टॉस के जरिए फैसला करने की सोची। इसमें संजीब नारायण की जीत हुई। रिपोर्ट के मुताबिक एक मतगणना अधिकारी ने बताया कि प्रत्याशियों ने इस तरह हार-जीत का नतीजा सम्मान के साथ स्वीकार किया है।

चुनाव में बीजेपी को बड़ी जीत
सत्तारूढ़ भाजपा ने असम पंचायत चुनाव में अब तक घोषित परिणाम में विपक्षी पार्टी कांग्रेस के मुकाबले 50 फीसदी ज्यादा सीटें जीती हैं। राज्य चुनाव आयोग के सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। भाजपा ने गांव पंचायत सदस्य (जीपीएम) की 7,768 सीट, आंचलिक पंचायत सदस्य (एपीएम) की 653 सीट और जिला परिषद सदस्य (जेडपीएम) की 223 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं पार्टी ने अब तक गांव पंचायत अध्यक्ष (जेडपीएम) की 605 सीटों पर जीत हासिल की।












Click it and Unblock the Notifications