भाजपा की धमाकेदार जीत पर बोले पीएम मोदी- हमारे कार्यकर्ता जनता का दिल जीतने में सफल रहे
नई दिल्ली, 10 मार्च: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब के विधानसभा चुनाव के नतीजे आज जारी किए गए हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भाजपा को तो पंजाब में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। चार राज्यों में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी के दिल्ली स्थित दफ्तर पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने मेहनत की और वो जनता का दिल जीतने में सफल रहे। भाजपा ने आज एक इतिहास रचा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज उत्साह और उत्सव का दिन है। मैं इन चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बधाई देता हूं। उनके निर्णय के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं। विशेष रूप से हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह से बीजेपी का समर्थन किया वह अपने आप में बड़ा संदेश है। चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने अपने वादे को पूरा करके दिखाया है। मैं अपने कार्यकर्ताओं की भूरी-भूरी प्रशंसा करूंगा, जिन्होंने इन चुनावों में कड़ी मेहनत की है।
उत्तर प्रदेश में चार दशक बाद सरकार की वापसी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए हैं लेकिन 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है। उत्तर प्रदेश में 4 दशक बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। उत्तर प्रदेश के चुनाव के नतीजों ने एक बात और साबित कर दी है और मैं सभी ज्ञानियों को कहता हूं कि देश की भलाई के लिए पुरानी घिसीपिटी रिकॉर्ड को छोड़कर जरा नए सिरे से सोचना शुरू कीजिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैं समझता हूं कि उत्तर प्रदेश के नागरिकों को जातिवाद में बांटकर वे उन जातियों और उन नागरिकों का अपमान करते थे। पूरे उत्तर प्रदेश का अपमान करते थे। इस देश के लिए बड़े दुख की बात है और मैं खुद वह दुख अनुभव करता था। जब ये ज्ञानि लोग उत्तर प्रदेश की जनता को सिर्फ जातिवाद के तराजू से तोलते थे।
गोवा में सभी एग्जिट पोल गलत हुए
नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, तीन राज्य उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद बीजेपी के वोट बैंक में वृद्धि हुई है। गोवा में सभी एग्जिट पोल गलत निकले और वहां की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है। 10 साल तक सत्ता में रहने के बाद भी राज्य में भाजपा की सीटों की संख्या बढ़ी है। उत्तराखंड में भी बीजेपी ने नया इतिहास रचा है, राज्य में पहली बार कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है।
तेल की कीमतों पर भी की बात
पीएम मोदी ने कहा कि तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ रही हैं। युद्ध के कारण पूरी दुनिया में महंगाई बढ़ रही है। विकासशील देशों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इन कठिनाइयों के बीच इस बार के बजट में विश्वास पैदा होता है। देश आत्मनिर्भर भारत अभियान के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। जो युद्ध चल रहा है, उसका असर हर देश पर पड़ रहा है। भारत शांति के पक्ष में हैं। बातचीत से हर समस्या को सुलझाने के पक्ष में हैं लेकिन जो देश सीधे युद्ध लड़ रहे हैं। भारत का उन देश से आर्थिक और राजनीतिक दृष्टि से नाता है।
नड्डा बोले- मोदी ने राजनीति को बदल दिया है
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा, प्रधानमंत्री ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदल दी है। अब रिपोर्ट कार्ड की राजनीति है। काम करोगे, जनता के बीच में जाओगे और जनता का आशीर्वाद लोगे। आज विकास की राजनीति है, महिला सशक्तिकरण, किसानों का सशक्तिकरण की राजनीति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदली है। लंबे समय तक एक राजनीति चल रही थी। वह राजनीति थी भाई, भतीजावाद, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता, जातिवाद, परिवारवाद, क्षेत्रवाद। इनकी राजनीति लंबे समय से चल रही थी।












Click it and Unblock the Notifications