जम्मू कश्मीर: मुठभेड़ में कुल 5 जवान शहीद, 5 आतंकवादी भी मारे गए
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में रविवार को पाकिस्तानी आतंकियों की घुसपैठ की एक बड़ी साजिश नाकाम करते हुए पांच आतंकियों को मार गिराया गया है। सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई इस मुठभेड़ सेना के पांच जवान भी शहीद हुए हैं। इसमें एक आर्मी ऑफिसर यानी कि जेसीओ भी शामिल हैं। पिछले 24 घंटे में सेना ने कश्मीर में 9 आतंकियों को ढेर किया है। पाकिस्तान लगातार भारत की सीमा में घुसपैठ कोशिशें कर रहा है।

केरन सेक्टर में एलओसी पर तैनात जवानों को 5-6 आतंकियों के ग्रुप के घुसपैठ कर दाखिल होने का इनपुट पिछले बुधवार को मिला था। इस सूचना के आधार पर सेना ने आवूरा, कुमकाडी, जुरहामा सफावाली, बटपोरा, हायहामा आदि इलाकों की घेराबंदी कर ली। घेरा सख्त होते देख जंगल में छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। पूरी रात फायरिंग होती रही। सेना की जवाबी कार्रवाई में पांच आतंकी मारे गए।
इस कार्रवाई में भारतीय सेना का एक जवान भी शहीद हुआ है, जबकि 4 अन्य जवान घायल हुए थे। भारी बर्फबारी के कारण फिलहाल इलाके में फंसे सेना के जवानों को रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। चारों जवानों को तुरंत वहां से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दो जवानों की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो और जवानों की मौत देर रात को हुई।
सैन्य प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि खराब मौसम तथा दुर्गम इलाके के बाद भी जवानों ने पांच आतंकियों को मार गिराया। घायल जवानों को जल्दी निकाल कर अस्पताल पहुंचाने में खराब मौसम बाधा बन गया।
इस मुठभेड़ में शहीद होने वाले जवानों की पहचान सूबेदार संजीव कुमार(हिमाचल प्रदेश),हवलदार देवेंद्र सिंह( उत्तराखंड), पैरा ट्रूपर बाल कृष्ण(हिमाचल प्रदेश), पैरा ट्रूपर अमित कुमार(उत्तराखंड ) और छत्रपाल सिंह(राजस्थान ) के तौर पर हुई है। घाटी में पिछले 24 घंटे में नौ आतंकियों का सेना ने काम तमाम किया है। शनिवार को कुलगाम जिले में हिजबुल के चार आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया था।












Click it and Unblock the Notifications