कोरोना वायरस: 4 पहाड़ी राज्यो में नए प्रतिबंधों का ऐलान, जानिए कहां लॉकडाउन कहां कर्फ्यू?
नई दिल्ली, 5 मई। कोरोना वायरस की दूसरी लहर से पूरा देश त्राहि-त्राहि कर रहा है। कोरोना वायरस संक्रमण इतनी तेजी से फैल रहा है कि अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन तक की कमी हो गई है। वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए अलग-अलग राज्य कोरोना कर्फ्यू या फिर पूर्ण या आंशिक लॉकडाउन की तरफ बढ़ रहे हैं। चार पहाड़ी राज्यों मेघालय, सिक्किम और हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों को देखते हुए प्रतिबंधों की घोषणा की गई है। आइए देखते हैं कि किस राज्य में किस तरह के प्रतिबंध लगाए गए है।

मेघालय में क्या है प्रतिबंध?
मेघालय के सीएम कोनराड संगमा ने राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते केस को देखते हुए राज्य के पूर्वी खासी हिल्स जिले में 5 मई रात 8 बजे से पूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। यह लॉकडाउन 10 मई 2021 सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा।
सीएम कोनराड संगमा ने बताया कि इसके साथ ही राज्य के सभी जिलों में वीकेंड लॉकडाउन भी लगाया जाएगा।
सिक्किम में भी प्रतिबंध
सिक्किम में 6 मई से 16 मई तक प्रतिबंधों की घोषणा की गई है। इस दौरान रेंगपो, मेल्ली, रेशी, रमन, हथिचिरी और पश्चिमी सिक्किम के एनटीपीसी चेक पोस्ट से सभी सरकारी और प्राइवेट वाहनों की आवाजाही पर रोक होगी। वहीं शाम 5 बजे से सुबह 9 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा।
वहीं व्यक्तियों और सभी वाहनों की अंतरजनपदीय आवाजाही पर रोक रहेगी। इसमें सेना, सुरक्षा बलों और आवश्यक सामान ले जाने वाले वाहनों को छूट रहेगी। आवश्यक सेवा वाले वाहनों को सुबह 5 बजे से लेकर 8.30 बजे तक अनुमति होगी।
हिमाचल में परीक्षा रद्द
हिमाचल में 6 मई से 16 मई तक कोरोना कर्फ्यू लगा दिया गया है। सभी कार्यालय बंद रहेंगे। केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति रहेगी। बिना आरटी-पीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट दिखाए किसी भी बाहरी व्यक्ति को राज्य में एंट्री नहीं मिलेगी।
इसके साथ ही राज्य में कक्षा 10वीं की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं और सभी छात्रों को आगे प्रमोट किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस बारे में जानकारी दी है।
उत्तराखंड के चमोली में कोरोना कर्फ्यू
उत्तराखंड में भी कोरोना वायरस का संक्रमण पहाड़ों में तेजी से फैल रहा है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए चमोली की जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने कोरोना कर्फ्यू लगाने का आदेश दिया है। यह कर्फ्यू 9 मई तक के लिए लगाया गया है। कर्फ्यू के दौरान आवश्यक वस्तुओं की दुकानें दोपहर 2 बजे तक खुली रहेंगी जबकि दवाओं की दुकान पूरे दिन खुली रहेंगी।












Click it and Unblock the Notifications