मेघालय भाजपा उपाध्यक्ष के फॉर्महाउस से मिले विस्फोटक-हथियार, 35 जिलेटिन छड़ें, 100 डेटोनेटर्स बरामद
नई दिल्ली, 29 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के नेता बर्नार्ड एन मारक को मेघालय पुलिस ने सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अब पुलिस ने उनके फॉर्महाउस पर बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। बता दें कि बर्नार्ड को मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हापुड़ से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें पश्चिम गारो हिल्स के तुरा लाया गया और उनके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया। बर्नार्ड की मुश्किल अब और बढ़ गई है। उनके फार्महाउस पर छापेमारी के दौरान पुलिस को जिलेटिन की छड़ें और डेटोनेटर्स मिले हैं।
Recommended Video

पुलिस ने बताया कि बर्नार्ड के फार्महाउस से उसे 35 जिलेटिन की छड़ें, 100 डेटोनेटर्स, चार क्रॉस धनुष, 15 तीर मिले हैं। इन सभी सामग्री को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसके अलावा पुलिस को मौके पर विस्फोटक और हथियार भी मिले हैं। इससे पहले पुलिस ने उनके ठिकानों पर छापेमारी करके लड़कियों को रेस्क्यू किया था। पुलिस ने 6 नाबालिग लड़कियों को मौके से रेस्क्यू किया। एक पीड़िता ने बताया कि उसके साथ यौन शोषण किया गया था।
बता दें कि बर्नार्ड एन मारक पूर्व उग्रवादी नेता हैं। उनके ठिकानों पर पुलिस ने 22 जुलाई को छापेमारी की थी। बर्नार्ड स्वायत्त जिला परिषद के सदस्य भी हैं। उनके खिलाफ आईपीसी की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा उनके खिलाफ अनैतिक तस्करी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। मारक पर वर्ष 2000 के बाद से अबतक 25 केस दर्ज किए गए हैं। वह मेघालय में सत्तारूढ़ भाजपा की सहयोगी एमडीए का भी हिस्सा हैं। प्रदेश में नेशनल पीपुल्स पार्टी के नेता कोनराड संगमा के नेतृत्व में एमडीए की सरकार है।
वहीं अपने ऊपर लगे आरोपों पर बर्नार्ड ने कहा कि वह निर्दोष हैं। उनके खिलाफ मुख्यमंत्री ने राजनीतिक प्रतिशोध के लिए यह कार्रवाई की है। यही नहीं उन्होंने कहा कि मेरी जान को खतरा है। मेघालय भाजपा ने बर्नार्ड के दावे का समर्थन किया है। बता दें कि मेघालय में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा बर्नार्ड को संगमा के खिलाफ चुनावी मैदान में उतार सकती है। मेघालय के मुख्यमंत्री का कहना है कि भाजपा उपाध्यक्ष को जेल भेजने के लिए हमारी ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications