धारवाड़ से चेन्नई ब्लास्ट के सिलसिले में 3 लोग हिरासत में
बेंगलुरु। एक मई को चेन्नई में हुए ट्रेन ब्लास्ट के सिलसिले में कर्नाटक के धारवाड़ से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इन तीनों व्यक्तियों को धारवाड़ के तेजस्वी नगर पुलिस स्टेशन से पकड़ा गया है।

फिलहाल इन तीनों से चेन्नई ब्लास्ट में इनके कथित संलिप्तता के बारे में पूछताछ की जा रही है।
महाराष्ट्र एटीएस की एक टीम भी इस मसले पर धारवाड़ पहुंच गई है और वह इन तीनों ही व्यक्तियों से सवाल-जवाब कर रही है। एक मई 2014 को चेन्नई में गुवाहाटी जाने वाली ट्रेन में ब्लास्ट हो गया था।
इसकी वजह से 1 व्यक्ति की मौत हो गई थी तो वहीं 14 लोग घायल हो गए थे। माना जा रहा है कि यह तीनों व्यक्ति सिमी का हिस्सा हैं और इन्होंने ही इस ब्लास्ट को अंजाम दिया। इस ब्लास्ट के अलावा यह महाराष्ट्र और सूरत में डकैती जैसी घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।
बेंगलुरु और चेन्नई पुलिस की ओर से भी इन तीनों से पूछताछ शुरू की जाएगी। चेन्नई ब्लास्ट आज भी एजेंसियों के लिए एक अनसुलझे रहस्य की तरह बनकर रहा गया है। जिस समय चेन्नई में यह ब्लास्ट हुए थे उसी समय सीमांध्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications