जयललिता की मौत की खबर सुन 597 लोगों की गई जान, पार्टी देगी परिवार को 3 लाख का मुआवजा
पार्टी का दावा है कि जयललिता की मौत की खबर सुनकर अब तक 597 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनके परिवार को मुआवजा दिया जाएगा।
नई दिल्ली। सोमवार को एआईएडीएमके ने घोषणा की है कि उन सभी लोगों को परिवारों को मुआवजे के तौर पर 3 लाख रुपए दिए जाएंगे, जिनकी मौत तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता की मौत की खबर सुनने की वजह से हुई है।

पार्टी का दावा है कि जयललिता की मौत की खबर सुनकर अब तक 597 लोगों की मौत हो चुकी है। जयललिता के बाद तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम हो गए हैं।
जयललिता को भारत रत्न देने की होगी मांग
आपको बता दें कि आज ही (सोमवार) तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम पीएम मोदी से मुलाकात करने के लिए दिल्ली आए हैं। इस मुलाकात में वह पीएम मोदी से अपील करेंगे कि मोदी सरकार जे जयललिता को भारत रत्न से नवाजें।
इतना ही नहीं, पनीरसेल्वम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांग करेंगे कि संसद के बाहर जयललिता की कांसे से बनी एक मू्र्ति भी लगाई जाए। साथ ही वह पीएम मोदी से कुछ और भी गुजारिशें करेंगे।
बताया जा रहा है कि पनीरसेल्वम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मंगलवार को मुलाकात कर सकते हैं। अपनी मुलाकात में वह पीएम मोदी को एक पत्र भी देंगे, जिसमें मांग की जाएगी कि वरदा चक्रवाद की वजह से हुई तबाही की क्षतिपूर्ति के लिए मोदी सरकार की तरफ से मदद मुहैया कराई जाए।
जयललिता की मौत की सीबीआई जांच की मांग
रविवार को ही एआईएडीएमके की सांसद शशिकला पुष्पा ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की थी, जिसमें जयललिता की मौत की सीबीआई जांच किए जाने की मांग की गई है।
इस याचिका में उन्होंने दावा किया है कि जयललिता की मौत की परिस्थितियां काफी संदेहास्पद हैं। उन्होंने यह भी दावा किया है कि तमिलनाडु के लोगों का मानना है कि जयललिता की मौत में उनकी करीबी दोस्त शशिकला और उनके परिवार का हाथ है।
2009 में जब आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाय राजशेखर रेड्डी की मौत एक हेलिकॉप्टर क्रैश में हुई थी, तो इस खबर को सुनकर 100 लोगों की सदमे से मौत हो गई थी। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं की जा सकी थी कि कितने लोग मरे हैं।












Click it and Unblock the Notifications