2019 के लोकसभा चुनाव में गठबंधन को तैयार केजरीवाल, कांग्रेस ने किया इंकार
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में सियासी पारा चढ़ने लगा है। खास तौर से दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सत्ता संभाल रही आम आदमी पार्टी ने इसको लेकर खास रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसका खुलासा उस समय हुआ जब आम आदमी पार्टी के एक बड़े नेता ने दिल्ली में महागठबंधन का समर्थन कर दिया। AAP नेता की ओर से आए इस बयान के बाद ये चर्चा शुरू हो गई कि क्या आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कोई गठबंधन की संभावनाएं बन रही हैं? हालांकि जल्द ही दिल्ली कांग्रेस ने AAP से किसी भी तरह के गठबंधन से इंकार कर दिया। ऐसा कहा जा रहा है कि दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन इस गठबंधन के लिए तैयार नहीं हैं।

AAP नेता और दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने कही बड़ी बात
गठबंधन को लेकर चर्चा का दौर तब शुरू हुआ जब आम आदमी पार्टी के बड़े नेता और दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान विपक्षी पार्टियों को गठबंधन को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के प्रस्तावित महागठबंधन में आम आदमी पार्टी समझौते के लिए तैयार है। महागठबंधन में कांग्रेस के अलावा दूसरी पार्टियां भी शामिल हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी सभी विपक्षी दलों के साथ खड़े होने की बात कर रही है। AAP का गठबंधन में शामिल होना दिल्ली और देश के हक में होगा।

कांग्रेस की दो टूक, AAP से समझौता नहीं करेंगे
आम आदमी पार्टी की ओर से आए इस बयान के बाद सभी को कांग्रेस पार्टी की प्रतिक्रिया का इंतजार था। हालांकि दिल्ली कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी की पहल को तुरंत ही खारिज कर दिया। कांग्रेस की तरफ से साफ कर दिया गया कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी दिल्ली में आम आदमी पार्टी से किसी भी प्रकार का चुनावी समझौता नहीं करेगी।

अजय माकन की AAP को 'ना'
कांग्रेस नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने पहले के फैसले पर कायम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन और दिल्ली में पार्टी प्रभारी पीसी चाको ने कई मौके पर ये कहा है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में किसी भी प्रकार का चुनावी गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि AAP की उल्टी गिनती शुरू हो गई है क्योंकि इस पार्टी ने लोगों का विश्वास तोड़ा है। AAP अब एक-एक वोट के लिए संघर्ष कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications