2000 note: 2000 रुपए के नोट वापस लेने का फैसला क्यों हुआ,रिजर्व बैंक ने बताई पूरी वजह
Two thousand note ban:रिजर्व बैंक ने 2000 रुपए के नोट को सर्कुलेशन से हटाने का फैसला इसलिए लिया है, क्योंकि इसे जारी करने का मकसद पूरा हो चुका है।

Two thousand note ban: रिजर्व बैंक ने शुक्रवार को ऐलान किया है कि उसने 2000 रुपए के नोट को प्रचलन से बाहर करने का फैसला किया है। भारतीय रिजर्व बैंक ने यह कदम अपने 'क्लीन नोट पॉलिसी' के तहत उठाया है। आरबीआई ने यह फैसला 2000 रुपए के करेंसी नोट के प्रचलन शुरू होने के सात साल के भीतर किया है।
नवंबर, 2016 से प्रचलन में हैं 2000 रुपए के नोट
2016 के नवंबर में 2000 रुपए के बैंकनोट देश की अर्थव्यवस्था की तात्कालिक जरूरतों को को पूरा करने के लिए प्रचलन में लाए गए थे। क्योंकि, तब प्रचलन वाले 500 और 1000 रुपए के नोट को 8 नवंबर, 2016 की रात से अचानक बंद कर दिया गया था। तब देश में जल्द से जल्द कैश की तरलता बढ़ाने के लिए 2000 रुपए के नोट की सख्त आवश्यकता थी।
2000 रुपए के नोट वापस लेने का फैसला क्यों किया?
रिजर्व बैंक के मुताबिक अब बाकी करेंसी नोट की पूर्ण उपलब्धता हो चुकी है, इसलिए 2000 रुपए के करेंसी नोट को लाने का मकसद पूरा हो चुका है। आरबीआई के मुताबिक 2000 रुपए के नोटों की छपाई 2018-19 से ही बंद की जा चुकी है।
धीरे-धीरे घटता गया 2000 रुपए के नोट का सर्कुलेशन
2000 रुपए के लगभग 89% बैंक नोट 2017 के मार्च से पहले ही जारी किए गए थे, जिनका करीब 4-5 साल का जीवनकाल अब समाप्ति के दौर में है। 31 मार्च,2018 को इन नोटों का सर्कुलेशन अपने चरम पर था और तब इसका मूल्य 6.73 लाख करोड़ (जितने कुल नोट प्रचलन में थे उनका 37.3%) रुपए थे। जो कि 31 मार्च, 2023 को घटकर सिर्फ 3.62 लाख करोड़ (जितने कुल नोट प्रचलन में थे उनका सिर्फ 10.8% ) रुपए रह गया।
2000 रुपए के नोट बंद करने का यह भी रहा कारण
यह नहीं, यह भी देखा जा रहा था कि 2000 रुपए के नोट ट्रांजैक्शन के लिए आमतौर पर इस्तेमाल नहीं हो रहे हैं, जबकि बाकी मूल्यवर्ग के करेंसी नोट इतने पर्याप्त संख्या में प्रचलन में हैं, जो कि जनता की जरूरतों को पूरा करने के लिए काफी हैं।
लीगल टेंडर बना रहेगा 2000 रुपए का नोट
इन सब वजहों को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक ने 2000 रुपए मूल्यवर्ग के बैंक नोट को सर्कुलेशन से हटाने का फैसला किया है, हालांकि यह लीगल टेंडर बना रहेगा। 2000 रुपए के नोटों की वापसी के लिए उसी तरह की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जैसा कि आरबीआई ने 2013-2014 में अपनाया था।
हालांकि, किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है। रिजर्व बैंक ने 2000 रुपए के नोट को बदलने या बैंक में जमा करने के लिए पर्याप्त समय दिए हैं। 23 मई, 2023 से एक बार में 20,000 रुपए मूल्य तक के नोट किसी भी बैंक में बदलवाए जा सकते हैं या बैंक में जमा भी करवाए जा सकते हैं। यह सुविधा 30 सितंबर,2023 तक मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications