जम्मू-कश्मीर: सेना ने रोका तो चेकपोस्ट तोड़कर भागी कार, गोलीबारी में 2 की मौत
श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर के बड़गाम जिले में सेना के एक चेकपोस्ट के करीब एक वाहन के जांच के लिए न रुकने (चेकपोस्ट तोड़कर भागने) पर जवानों की ओर से की गई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। पुलिस से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक चत्तरगाम इलाके में चेकपोस्ट को पारकर भाग रहे एक वाहन पर जवानों ने गोलीबारी कर दी, जिसमें चार लोगों को गोली लगी।

चारों को सेना के आधार अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से घायल दो की मौत हो गई। घायल दो लोगों की हालत गंभीर है। सेना और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। वाहन सवार चारों लोगों में जिन दो लोगों की मौत हुई है उनकी शिनाख्त फैसल यूसुफ भट्ट और मेहराजुद्दीन डार के रूप में हुई है जबकि दोनों घायलों की पहचान शकर और जाहिद नकाश के तौर पर हुई है। युवक श्रीनगर जिले क नौगाम इलाके के रहने वाले थे।
सेना का कहना है कि मोबाइल व्हीकल चेक पोस्ट (एमवीसीपी) ने कार को रुकने का संकेत दिया था, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी। सेना को नौगाम-पुलवामा सड़क पर एक सफेद मारुति 800 कार में तीन नवंबर को आतंकवादियों की गतिविधियों के बारे में सूचना मिली थी, जिसके बाद इस मार्ग पर तीन एमवीसीपी को तैनात किया गया। बयान में कहा गया है कि शाम करीब पांच बजे सफेद मारुति 800 कार पहली चौकी के पास पहुंची, जहां सुरक्षा कर्मियों ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन यह नहीं रुकी।
दूसरी चौकी पर भी कार नहीं रुकी। तीसरी चौकी पर कार ने इसे तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद जवानों ने गोली चलाई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों को सेना के अस्पताल ले जाया गया, जहां दो ने दम तोड़ दिया। श्रीनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि युवकों का आतंकवादियों से कोई संबंध नहीं था। पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर क्षेत्र) अब्दुल गनी भट्ट ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और जांच शुरू कर दी गई है।
सेना ने दिए जांच के आदेश
सेना ने जम्मू एवं कश्मीर के बडगाम जिले में सोमवार शाम अपने जवानों की गोली से दो युवकों की मौत के मामले में जांच के आदेश दिए हैं। सेना की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया है कि सेना को युवकों की मौत पर दुख है। इस बात की जांच के आदेश दिए गए हैं कि आखिर किन परिस्थतियों में जवानों को गोली चलानी पड़ी। इस मामले में जो दोषी पाया जाएगा, उससे सख्ती से निपटा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications