चोरी के आरोप में 15 साल के लड़के की पीट-पीटकर हत्या
नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से मॉब लिंचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बार तमिलनाडु के करूर जिले के अलालीगौंदनूर में महज 15 साल के लड़के की लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप था कि लड़के ने एक दंपति के घर में चोरी की थी, जिसके बाद लोगों ने उसे इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। यह घटना शनिवार की है, मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि जिस लड़के की मौत हुई है उसका नाम पी बालासुब्रमणी है और वह मां के साथ रहता था, उसकी मां खेतों में काम करती थी।

बालासुब्रमणि के पिता की पिछले साल मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उसने स्कूल जाना छोड़ दिया था। आरोप है कि बालासुब्रमणि शराब पीने का आदि हो गया था, उसपर आरोप था कि उसने शनिवार को एक घर से 3000 रुपए और एक मोबाइल फोन चोरी किया था। जब लोगों ने देखा कि वह चोरी का फोन इस्तेमाल कर रहा है तो गांव के कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। लड़के की मां को रविवार को बालासुब्रमणि का शव मिला, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications