ओडिशा में बाढ़ से बिगड़े हालात, अभी तक 12 लोगों की मौत
ओडिशा में मानसूनी बारिश कहर बनकर टूट रही है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राज्य के कई जिले भीषण बाढ़ की चपेट में हैं।
नई दिल्ली। ओडिशा में मानसूनी बारिश कहर बनकर टूट रही है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राज्य के कई जिले भीषण बाढ़ की चपेट में हैं और लोगों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में बाढ़ के कारण 5 और लोगों की मौत हो गई। राज्य में अभी तक बाढ़ से 12 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, दो लोग 25 अगस्त से लापता भी बताए जा रहे हैं। बाढ़ से बिगड़े हालात में राहत और बचाव दल भी लोगों की मदद के लिए लगातार जुए हुए हैं।
Recommended Video

बरगढ़ और मयूरभंज में दो लोग लापता
राज्य में बाढ़ के हालात की जानकारी देते हुए स्पेशल रिलीफ कमिश्नर प्रदीप कुमार जेना ने बताया कि शुक्रवार को ओडिशा के बरगढ़, नुआपाड़ा, जाजपुर, बालेश्वर और भद्रक में पांच और लोगों की मौत हो गई। इससे पहले राज्य के मयूरभंज, क्योंझर और सुंदरगढ़ इलाकों में सात लोगों की जान बाढ़ के कारण गई थी। वहीं, बरगढ़ और मयूरभंज में दो लोग लापता भी हैं, जिनकी तलाश में टीमें जुटी हुई हैं।

नवजात शिशु सहित छह लोगों को बचाया गया
प्रदीप कुमार जेना ने बताया कि अभी तक करीब 7000 लोगों को निचले इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों के पास खाने-पीने का सामान भी पहुंचाया जा रहा है। वहीं, शुक्रवार को फायर सर्विस की टीम ने जाजपुर जिले के एक गांव में एक नवजात शिशु सहित छह लोगों को सुरक्षित बचाकर बाहर निकाला। ब्राह्मणी और खारस्रोता नदियों में जलस्तर बढ़ने के बाद ये गांव बाढ़ में डूबा हुआ है।

अगले 24 घंटों के भीतर भारी बारिश का अलर्ट
इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर छत्तीसगढ़ और पश्चिमी ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके बाद महानदी नदी में भी जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। बारिश के चलते पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के भी कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में कोलकाता और मिदनापुर सहित कई इलाकों में पानी भर गया।












Click it and Unblock the Notifications