आसमान में फैली धूल की चादर, चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 26 उड़ानें रद्द
चंडीगढ़: देश की राजधानी दिल्ली सहित कई शहरों में आसमान में फैली धूल की चादर ने काफी परेशानी खड़ी कर दी है। दिल्ली के आसपास के राज्यों में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली के अलावा पंजाब के अधिकतर इलाके धूल की चादर से ढ़क गए हैं। हालात ऐसे हैं कि यहां धूल के गुबार छाए रहने के कारण सांस लेना बेहद मुश्किल हो गया है। इसका असर विमान सेवाओं पर भी पड़ा है।

चंडीगढ़ में विमान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। शुक्रवार को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर आने-जाने वाली 26 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। लो विजिबिलिटी के कारण इन उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। इंडिगो की 7, जेट एयरवेज की 8, स्पाइसजेट की 1, गोएयर की 3 औऱ एयर इंडिया की 5 सहित कुल 26 उड़ानें चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर रद्द कर दी गई हैं।
चंडीगढ़ में फैली धूल की चादर के कारण हालत और भी बदतर है। पूरा चंडीगढ़ धूल के गुबार से ढ़क गया है। सड़कों और आसमान में दृश्यता भी कम हो गई है। इस कारण विमान सेवा बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
बता दें कि गुरूवार को भी सुबह से चंडीगढ़ में ना विमानों की लैंडिंग हो रही थी और ना ही टेकऑफ। जेट एयरवेज की दिल्ली से चंडीगढ़ की फ्लाइट और इंडिगो की चंडीगढ़ से दिल्ली की फ्लाइट रद्द कर दिया गया था। वहीं मुंबई से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट को दिल्ली में रोक दिया गया था। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा था कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते आने वाले 48 घंटों में मौसम में अचानक बदलाव होगा और धूल के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश होगी।












Click it and Unblock the Notifications