तेलंगाना में 30 मई तक लॉकडाउन बढ़ा, फिर भी सब्जी मंडी में उमड़ा ऐसा हुजूम, दिशा-निर्देश भंग
हैदराबाद। तेलंगाना प्रदेश में कोरोनावायरस के संक्रमण के मामलों में दिनों-दिन तेजी आती जा रही है। इसके बावजूद लोग कोविड गाइडलाइंस भंग करने से बाज नहीं आ रहे। आज सिकंदराबाद के मोंडा सब्जी मंडी में इतनी भीड़ उमड़ी की तस्वीरें सोशल साइट्स पर वायरल होने लगीं। बिना मास्क पहने और बिना सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो किए लोग नियमों का उल्लंघन करते दिखे। यहां प्रतिदिन सुबह 6 से 10 बजे के बीच सभी गतिविधियों की अनुमति दी गई है।

लॉकडाउन तेलंगाना में 30 मई तक बढ़ा
संक्रमण के मामले बढ़ने पर राज्य सरकार द्वारा लॉकडाउन 30 मई तक बढ़ा दिया गया है। साथ ही महामारी रोग अधिनियम, 1897 के तहत म्यूकोर्मिकोसिस यानि ब्लैक फंगस को भी महामारी घोषित किया गया है। इस बारे में राज्य सरकार ने एक नॉटिफिकेशन जारी कर कहा कि, फंगल इन्फेक्शन/म्यूकोर्मिकोसिस को महामारी रोग अधिनियम-1897 के तहत उल्लेखनीय बीमारी के रूप में घोषित किया गया है।'
ब्लैक फंगस को लेकर भी सख्ती होगी
सरकार के नॉटिफिकेशन में आगे कहा गया कि, सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य सुविधाएं ब्लैक फंगस की जांच, निदान और प्रबंधन के लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे। सरकार ने सभी निभी व सरकारी अस्पतालों को ब्लैक फंगस के सभी संदिग्ध व पुष्ट मामलों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देने के भी निर्देश दिये हैं। सरकार ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों के चिकिस्ता अधीक्षकों से ब्लैक फंगस को लेकर सख्ती बरतने और ऐसे मामलों की दैनिक रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेजने का आग्रह किया।












Click it and Unblock the Notifications