जीजा-साले की दर्दनाक हत्या से दहल उठा शिमला, डंडा मार-मारकर खोल दी गई खोपड़ी
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला डबल मर्डर से दहल उठी। दोहरे हत्याकांड से जहां लोगों में भय व आतंक का महौल है। वहीं लोग राजधानी में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। शिमला के पास शोघी में उस समय सनसनी फैल गई,जब यहां एक टैम्पो चालक और परिचालक की हत्या कर उनके शवों को गहरी खाई में फेंकने का मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक सिरमौर जिला के नाहन की एक आटा मिल से आटे की सप्लाई लेकर मंडी के करसोग से वापस लौट रहे थे और इनके पास करीब 2.31 लाख का कैश था लेकिन नाहन पहुंचने से पहले ही शिमला में उनकी हत्या कर दी गई।

मृतक चालक व परिचालक रिश्ते में जीजा-साले बताए जा रहे हैं। हत्या के पीछे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चालक व परिचालक के शव शिमला के मैहली-शोघी बाइपास सड़क पर शीलगांव के समीप एक खाई में पाए गए, जबकि टैम्पो सड़क के किनारे डंगे में लटका हुआ था। यहां से गुजर रहे लोगों ने शीलगांव के समीप सड़क के ढांक पर एक टैम्पो को लटका देखा और नीचे नाले में दो शव गिरे हुए थे। सूचना मिलते ही वहां काफी संख्या में लोग जमा हो गए और पुलिस को मामले की सूचना दी गई। बालूगंज से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ढांक से शवों को निकालने के लिए दमकल कर्मियों की मदद लेनी पड़ी। मृतक की पहचान चालक नवीन (32) सतिवाला, पांवटा और उसके साले चंद्रपाल (22) रेणुका, सिरमौर के तौर पर हुई है।

जांच में पाया गया है कि इन पर लोहे की रॉडों से वार किया गया था और मुंह, आंखों और सिर पर गहरी चोटों के निशान थे। ऐसा लग रहा है कि बदमाशों ने इस वारदात को दुर्घटना दिखाने की कोशिश की थी। इसके लिए पहले इन पर हमला कर इनको खाई में फेंका गया और बाद में टैम्पो को भी खाई में फेंकने का प्रयास किया गया, लेकिन टैम्पो सड़क के डंगे में फंस गया। पुलिस को वहां सड़क पर खून पड़ा मिला है और टैम्पो में भी खून के निशान पाए गए हैं। वहीं साथ में खून से सने डंडे भी पाए गए हैं।
वारदात का पता चलने पर नाहन के विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल भी मौके पर पहुंचे और उनके साथ डीआईजी साउथ रेंज आसिफ जलाल भी थे। शिमला के एसपी उमापति जम्वाल ने एएसपी प्रवीर ठाकुर ने मौके का मुआयना किया है। वहीं आनंदपुर पंचायत के प्रधान महेंद्र कुमार भी घटना का पता चलने पर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच में पाया है कि इनके पास से 2.32 लाख का कैश गायब है और इनके मोबाइल फोन भी नहीं मिले हैं। ऐसे में यही आशंका व्यक्त की जा रही है कि लूटपाट के इरादे से इनको मौत के घाट उतारा गया है। उधर, एसपी उमापति जम्वाल ने कहा है कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं जांच में सामने आया है कि इस टैम्पो के पीछे दो वाहन चल रहे थे। मैहली में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच में पाया गया है कि यह टैम्पो वहां से गुरुवार रात 12.09 बजे गुजरा था। इसके बाद साथ ही दो गाडिय़ां भी गुजरी हैं, लेकिन अभी यह पता नहीं चल पाया है कि ये गाडिय़ां इस ट्रक से आगे निकल गई थीं या कहां गईं। इसके लिए जगह-जगल लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जांच में सामने आया है कि टैम्पो नाहन की एक आटा मिल से करसोग के लिए आटे की सप्लाई लेकर गया था। टैम्पो रात को करीब नौ बजे करसोग से चला था और चालक के पास करीब 2.32 लाख रुपए का कैश था।












Click it and Unblock the Notifications