रजनी पाटिल को बनाया गया हिमाचल का कांग्रेस प्रभारी, सुशील कुमार शिन्दे हटाए गए
शिमला। कांग्रेस पार्टी में टीम राहुल गांधी के बढ़ते दबदबे के चलते हिमाचल प्रदेश के प्रभारी सुशील कुमार शिन्दे को हटा दिया गया है। उनकी जगह रजनी पाटिल नई प्रभारी होंगी। साथ ही बिहार से सांसद रंजीता रंजन सह प्रभारी बनी रहेंगी। मंगलवार को कांग्रेस पार्टी में हुए बदलाव के बीच शिन्दे को हटाया गया। पार्टी में अचानक हुए इस बदलाव से प्रदेश कांग्रेस में हडक़ंप मच गया है।

बता दें कि शिन्दे के ही नेतृत्व में पिछले विधानसभा चुनाव लड़े गए थे। लेकिन पार्टी को करारी हार मिली थी। हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 21 सीटें, जबकि भाजपा को 44 सीटें मिली थीं। पार्टी के अंदर शिन्दे को हटाने की सुगबुगाहट चुनावों में हार के बाद ही शुरू हो गई थी, लेकिन कांग्रेस आलाकमान ने मंगलवार को इस बारे में अहम फैसला लेते हुए रजनी पाटिल को तुरंत प्रभाव से नया प्रभारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही पार्टी ने कांग्रेस आलाकमान ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे के योगदान और कठिन परिश्रम को सराहा है।

गौरतलब है कि 22 जुलाई 2017 को अंबिका सोनी के इस्तीफा देने के बाद सुशील शिंदे को हिमाचल कांग्रेस प्रभारी नियुक्त किया गया था। रजनी पाटिल का जन्म पांच दिसंबर 1958 को हुआ। वह महाराष्ट्र से संबंध रखती हैं। वह राज्यसभा में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्हें महाराष्ट्र के पूर्व सीएम विलासराव देशमुख की मौत के बाद 2013 में राज्यसभा के लिए चुना गया था। रजनी 1996 में सबसे पहले बीड लोकसभा सीट से चुनाव जीती थीं लेकिन बाद में वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गईं थी। नया प्रभारी नियुक्त होने के बाद हिमाचल कांग्रेस में भी फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications