जयराम सरकार का चुनावी दांव, महिलाओं के लिए बस किराया आधा, दो फ्री सिलेंडर, गावों में नहीं आएगा पानी का बिल
शिमला, 26 मई। हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है जिसके चलते अब सरकार लोक लुभावन घोषणाओं का पिटारा खोलने लगी है। हालांकि इससे पहले लोगों को मुफ्त में सुविधाएं देने का विरोध भाजपा करती रही है। लेकिन लगता है कि आम आदमी पार्टी से भाजपा भी अब पीछे नहीं रहना चाहती। यही वजह है कि गुरुवार को शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न कैबिनेट बैठक में कई लोक लुभावन निर्णय लिये गये। खासकर महिला मतदाताओं पर भाजपा सरकार की नजर है।

कैबिनेट मीटिंग में लगी मुहर
गुरुवार सुबह दस बजे कैबिनेट बैठक की शुरुआत हुई, जो दोपहर बाद तक चली। हिमाचल दिवस पर सीएम जय राम ठाकुर की ओर से की गई घोषणाओं पर कैबिनेट ने अपनी मुहर लगा दी। सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ा तोहफा देते हुये बसों में यात्रा पर किराए में 50 प्रतिशत कटौती की घोषणा की। हालांकि इससे पहले 25 प्रतिशत किराया घटाया गया था। लेकिन लगता है कि चुनाव नजदीक आते देख सरकार ने महिला मतदाताओं पर दांव चला है। लिहाजा, अब महिलाओं का एचआरटीसी की बस में आधा किराया ही लगेगा। मुख्यमंत्री गृहणी सुविधा योजना के तहत महिलाओं को दो मुफ्त सिलेंडर दिए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश 12 सप्ताह का किया गया है। वहीं, सरकार ने पंचायत क्षेत्रों में घरेलू पेयजल पर लिए जाने वाला शुल्क समाप्त करने का निर्णय लिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में अब पेयजल कनेक्शन का कोई बिल नहीं आएगा। अभी मासिक तीस रुपये बिल लिया जा रहा था।
इन कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि
पटवार सर्कल में तैनात पार्ट टाइम वर्कर्स को पांच हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा। लंबरदार को 2300 की बजाय 3200 रुपये वेतन मिलेगा। इसके अलावा शिक्षा विभाग में तैनात पार्ट टाइम वाटर कैरियर का मानदेय भी 900 रुपये बढ़ाया गया है। एसएमसी के तहत तैनात 2477 शिक्षकों का मानदेय अप्रैल माह से एक हजार रुपये बढ़ाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में मंत्रिमंडल ने मिड-डे मील कर्मियों का मानदेय बढ़ाने का फैसला लिया है। सरकार इस निर्णय से 20650 वर्कर्स को लाभ मिलेगा। इसके अलावा 160 करोड़ रुपये से 360 नई बसों की खरीद को भी मंजूरी दी गई है। प्री प्राइमरी नर्सरी के विद्यार्थियों को भी स्कूल वर्दी के दो सेट दिए जाएंगे। दो सौ रुपये स्टीचिंग के लिए भी दिए जाएंगे।शिक्षा विभाग में ग्रेड-एक सुपरटिंडेंट के 66 पद भरने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग में ऑपरेशन थियेटर सहायक के 177 पद भरने का फैसला लिया गया है। पशुपालन विभाग में वेटरनरी आफसिर के सौ पद भरे जाएंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विभिन्न श्रेणी के 130 पद भरने पर मुहर लगाई गई।
पीएम मोदी की रैली को लेकर चर्चा
मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शिमला रैली की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। यह रैली ऐतिहासिक होगी, क्योंकि इससे देश के 17 लाख लोगों से संवाद होगा। इसी दिन प्रधानमंत्री सभी मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों एवं सांसदों से संवाद करने वाले है। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं निर्वाचित प्रतिनिधि 11 जिलों में मौजूद रहेंगे। ऐसे में इस पर मंत्रिमंडल में अलग से चर्चा होने की पूरी संभावना है। पीएम मोदी रैली से पूर्व रोड शो भी करेंगे। पीएम मोदी सीटीओ से रिज तक रोड शो करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications