कांग्रेस विधायक आशा कुमारी पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, महिला कॉन्स्टेबल को मारा था थप्पड़
बेशक शनिवार को आशा कुमारी ने भी महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत दी है लेकिन शिकायत महिला कॉन्स्टेबल की तरफ से मजबूत है।
शिमला। हिमाचल पुलिस की महिला कॉन्स्टेबल को चांटा मारने को लेकर विवादों का सामना कर रही कांग्रेस नेता और डलहौजी की विधायक आशा कुमारी पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। उनकी गिरफ्तारी किसी भी समय हो सकती है। दरअसल विधायक आशा कुमारी पर महिला पुलिस कॉन्स्टेबल की ओर से गैर जमानती मामला दर्ज हुआ है। बेशक शनिवार को आशा कुमारी ने भी महिला पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत दी है लेकिन शिकायत महिला कॉन्स्टेबल की मजबूत है। पुलिसकर्मी राजवंती की शिकायत पर पुलिस ने थाना शिमला सदर में सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी में बाधा पहुंचाने और मारपीट करने के आरोप में आईपीसी की धारा 353 और 332 के तहत गैर जमानती मामला दर्ज किया है। जिसमें पुलिस को आरोपी गिरफ्तार करना होता है।

थप्पड़ मारकर फंस गईं हैं कांग्रेस विधायक
गैर जमानती मामला दर्ज होने के कारण समझौता अपने स्तर पर नहीं हो सकता। अगर महिला पुलिसकर्मी पर मामला वापस लेने का दबाब बनता है तो समझौता कोर्ट में ही हो सकता है। जाहिर है आशा कुमारी की गिरफ्तारी हो सकती है। सोशल मीडिया पर चल रहे थप्पड़कांड में बड़ी तादाद में लोग महिला पुलिसकर्मी राजवंती के समर्थन में आ गए हैं। उसे जमकर सहयोग मिल रहा है। इतना ही नहीं उसे लेडी सिंघम तक कहा जा रहा है। शिमला के रोहड़ू की रहने वाली राजवंती नेशनल लेवल पर बॉक्सिंग कर चुकी हैं। वो साल 2012 में स्पोर्ट्स कोटे से हिमाचल पुलिस में भर्ती हुई थीं। इस समय वे थाना ढली में तैनात हैं। उसने कहा कि मैंने कुछ गलत नहीं किया, वो अपनी ड्यूटी कर रही थी। उन्होंने कहा कि मैं इस मामले पर डटी रहूंगी।

थप्पड़ मारने से पहले कॉन्स्टेबल को भी नहीं था पता!
कॉन्स्टेबल राजवंती ने कहा है कि हालांकि जिस दौरान महिला ने थप्पड़ मारा, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि थप्पड़ मारने वाली महिला विधायक हैं। कॉन्स्टेबल राजवंती ने कहा कि विधायक ने ड्यूटी के दौरान उन पर हाथ उठा कर खाकी का अपमान किया है और साथ ही उनके आत्म-सम्मान को भी ठेस पहुंचाई है। जिसे वो किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि विधायक के खिलाफ दर्ज एफआईआर को वपिस नहीं लेंगी। कॉन्स्टेबल ने कहा कि उन्हें कानून व्यवस्था पर पूरा विश्वास है और न्याय जरूर मिलेगा।

कॉन्स्टेबल के रोके जाने पर विधायक ने मारा था थप्पड़
बता दें कि कांग्रेस की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शिमला के राजीव भवन में पार्टी के नेताओं और उम्मीदवारों के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान 3 से 4 कांग्रेसी विधायक देरी से पहुंचे, इनमें आशा कुमारी भी थीं। क्योंकि राहुल दफ्तर के अंदर आ चुके थे, इसलिए गेट पर पुलिस पास चेक करने के बाद ही लोगों को अंदर जाने दे रही थी। पंजाब कांग्रेस प्रभारी और डलहौजी से कांग्रेस विधायक आशा कुमारी ने जल्दी अंदर जाने की कोशिश की तो वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने उन्हें रोक दिया। तभी गुस्से में आशा कुमारी ने महिला कांस्टेबल को थप्पड़ मार दिया। इसका जवाब महिला कांस्टेबल ने भी उनको थप्पड़ मार कर दिया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। शिमला सदर थाने में इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है। जिसके तहत अब आशा कुमारी पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी है।












Click it and Unblock the Notifications