भाजपा के असंतुष्टों के लिये नया ठिकाना बन रही कांग्रेस, सुक्खू बोले- चंद दिनों की मेहमान है जय राम सरकार
शिमला, 16 जुलाई। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष खीमी राम के कांग्रेस में आने के बाद इन दिनों हिमाचल कांग्रेस खासी उत्साहित है और पार्टी को लगता हैं कि कुछ और भाजपा नेता कांग्रेस में आयेंगे। प्रदेश की राजनीति में चल रही कयासबाजी में बताया जा रहा है कि भाजपा के पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि , पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर और पूर्व विधायक दूलो राम कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं। इसके अलावा एक ओर पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर भी इन दिनों मुंह फुलाए बैठे हैं। तो प्रदेश योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला की नाराजगी भी किसी से छिपी नहीं है। नाराज भाजपा नेता कांग्रेस नेताओं से संपर्क में हैं और ऐसी संभावना है कि अगले सप्ताह बडा धमाका हिमाचल की राजनीति में होगा।

दरअसल, देहरा में पिछला चुनाव हारे पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि के लिये उस समय दुश्वारियां पैदा हो गईं। जब पिछले दिनों उन्हें पिछला चुनाव हराने वाले निर्दलीय विधायक होशियार सिंह भाजपा में शामिल हो गये। इसी तरह जोगिन्दर नगर में आजाद विधायक प्रकाश राणा के भाजपा में आने के बाद गुलाब सिंह का राजनीतिक भविष्य असुरक्षित है। दूलो राम इन दिनों हाशिये पर हैं। तो ठाकुर रूप सिंह की भी पूछ घटी है। इसी तरह ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला की संगठन मंत्री पवन राणा के साथ चल रही तकरार धवाला के लिए संकट का माहौल तैयार कर रही है।
यही वजह है कि कांग्रेसी खेमा इन दिनों खासा उत्साहित है। और भाजपा में सेंध लगाने का ताना बाना बुन रहा है।
प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविन्दर सिंह सुक्खू का दावा है कि आने वाले दिनों में कई भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मौजूदा सरकार के प्रति पनपे असंतोष का ही परिणाम है कि भाजपा और सरकार में भगदड़ मची हैं। और यहां तक की सरकार चला रही अफसरशाही भी अपना सुरक्षित ठिकाना तलाशने लगी है। सरकार चंद दिनों की मेहमान हैं। उन्होंने कहा कि कई भाजपा नेता कांग्रेस में शामिल होने के लिए उनसे संपर्क साध रहे हैं। लेकिन पार्टी गुण दोष के आधार पर ही पार्टी में शामिल करेगी। उन्होंने कहा कि मुझे हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी में प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। बहुत बड़ी जिम्मेदारी सोनिया गांधी ने दी है और इसका निर्वहन करना मेरा दायित्व व कर्तव्य है। इस प्रकार का दायित्व अशोक गहलोत, विलासराव देशमुख और 40 वर्ष से वीरभद्र सिंह जैसे नेताओं के पास था। जाहिर है, मैं इसका स्वागत करता हूं।
सुक्खू ने कहा कि, मेरी प्राथमिकता रहेगी कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने। जनता से अनुरोध है कि हम सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं आ रहे हैं, व्यवस्था परिवर्तन के लिए आ रहे हैं। हर स्तर पर गरीब, किसान व गांव से संघर्ष कर पार्टी को मजबूत बनाने वाले स्वच्छ छवि, ईमानदारी से जनता के कार्य करने वाले व जीतने की क्षमता रखने वाले युवाओं व महिलाओं को टिकट में प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन से निकले युवाओं को टिकट में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 40 वर्ष बाद कांग्रेस में नया नेतृत्व आया है और नए नेतृत्व में ही अगर पार्टी सत्ता में आती है तो नया नेतृत्व ही मुख्यमंत्री का चेहरा होगा। सबसे बड़ी बात यह कि मुख्यमंत्री का चेहरा जो भी बनेगा वह स्वच्छ छवि व ईमानदार व्यक्ति ही होगा।
उन्होंने कहा कि, हम प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व चार कार्यकारी अध्यक्षों हर्ष महाजन, पवन काजल, विनय कुमार, राजेंद्र राणा और विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री के साथ आक्रामक प्रचार करेंगे। चार लोकसभा क्षेत्रों हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी व शिमला में बड़ी जनसभाएं की जाएंगी। पार्टी सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। पार्टी का कोई मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं होगा। पार्टी का जो भी मुख्यमंत्री का चेहरा होगा वह विधानसभा चुनाव में विधायक जब चुनकर आएंगे और उनकी राय जानने के बाद ही एआइसीसी मुख्यमंत्री का चेहरा तय करेगी। सुक्खू ने कहा कि, सबसे बड़ा मुद्दा भाजपा सरकार की नाकामी है। जयराम ठाकुर अपने कार्यकाल में स्वयं एक भी निर्णय जनता के हित में नहीं ले पाए हैं। आज गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी व बेरोजगार आहत हैं। जयराम के निर्णय दिल्ली से होते हैं, स्वयं उनमें जनहित में निर्णय लेने की कोई क्षमता नहीं दिखी। महंगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी प्रमुख मुद्दे रहेंगे, जिन्हें जनता की अदालत में उठाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications