Sirmaur Cloud Burst: हिमाचल के सिरमौर में बादल फटने से मची तबाही, एक ही परिवार के पांच लोग लापता
Sirmaur Cloud Burst: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में बुधवार 9 अगस्त की देर रात बादल फटने से भारी तबाही मची हुई है। गिरि नदी का भी जलस्तर बढ़ गया, जिससे सिरमौरी ताल के घरों में पानी घुस गया। वहीं, बादल फटने की वजह से आई बाढ़ और मलबे में तीन घर क्षतिग्रस्त हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक परिवार के पांच लोग लापता हो गए, जिनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन लगाया जा रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक, 65 वर्षीय कुलदीप का शव बरामद हुआ है जबकि चार अन्य की तलाश जारी है। एलएनटी मशीन से क्षतिग्रस्त मकान का मलबा हटाया जा रहा है।

बदल फटने की ये घटना हिमाचल प्रदेश के सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के सिरमौरी ताल के नजदीक हुई है। बादल फटने की घटना के बाद सिरमौरी ताल में भारी तबाही मची हुई है। सिमौर प्रशासन ने लापता हुए लोगों के बारे में गुरुवार 10 अगस्त की सुबह जानकारी साझा की।
पुलिस-प्रशासन के मुताबिक, सिरमौरी ताल गांव के जीतो देवी (55), रजनी देवी (31), नितेश (10) और दीपिका (8) अभी लापता है। जबकि, कुलदीप सिंह (62) का शव मिल गया है। वहीं, क्षतिग्रस्त हुए अन्य दो घर के लोगों को रेस्क्यू रात में ही कर लिया गया था। हालांकि, स्थानीय लोगों की मानें तो और भी कई लोग लापता हो सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बादल फटने के गिरि नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके कारण पांवटा साहिब के अजौली इलाके के सिरमौरी ताल गांव में कई घरों में अचानक पानी आ गया। इसके कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इतना ही नहीं, 70 परिवारों के लोग रात को ही अपना घर छोड़ नेशनल हाईवे पर आ गए।
इस घटना के बाद आसपास के गांवों के लोगों ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया और बचाव कार्य में जुटे रहे। तो वहीं, ऐसा बताया जा रहा है कि मलबा आने से राजबन बाबा पत्थर नाथ मंदिर से लेकर सिरमौर गांव तक की सड़क बंद हो गई थी। इस सड़क पर फिर से आवाजाही शुरू करने के लिए एलएनटी मशीनों को पूरी रात मशक्कत करनी पड़ी।
उधर, पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पूरी रात भर चले राहत व बचाव कार्य में 100 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। एक घर के 5 लोग सुबह तक लापता थे, जिनकी तलाश के लिए सुबह रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications