हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से कितने करोड़ रुपए 'पानी में बहे'? कितने परिवारों पर बरपा कुदरती कहर
Cloud Burst Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में कुदरत का कहर लगातार जारी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को बताया कि राज्य में बादल फटने की कई घटनाओं में अब तक करीब 500 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और नालों के किनारे न जाएं, क्योंकि हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंगलवार को तीन अलग-अलग स्थानों करसोग, गोहर और धर्मपुर उपखंडों में बादल फटने की घटनाएं हुईं। इस आपदा में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के पांच सदस्यों सहित 18 लोग लापता बताए जा रहे हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस के जवान लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटे हैं। मंडी जिला प्रशासन ने बताया कि बीते 12 घंटों में कुल 34 लोगों को बचाया गया है।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, मंडी के मुताबिक गोहर उपमंडल से जिन लोगों के लापता होने की सूचना है, उनमें पदम सिंह (75), उनकी पत्नी देवकु देवी (70), झाबे राम (50), उनकी पत्नी पार्वती देवी (47), सुरमी देवी (70), इंद्र देव (29), उनकी पत्नी उमावती (27), उनकी बेटी कनिका (9) और सात वर्षीय बेटा गौतम शामिल हैं।

मंडी में पंडोह बांध में पानी का बहाव 1.57 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया है, जिससे व्यास नदी में बाढ़ की स्थिति बन गई है। बांध के सभी पांच बाढ़ द्वार खोल दिए गए हैं और आसपास के इलाके खाली कराए जा रहे हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने चंबा, कुल्लू, शिमला, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें।

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते कई सड़कों पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मानसून की शुरुआत के बाद से बारिश संबंधी हादसों में अब तक 23 लोगों की जान जा चुकी है। जून में हिमाचल में 135 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 34% अधिक है। प्रशासन ने नागरिकों से खासकर पहाड़ी और संवेदनशील इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने और आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
करसोग (मंडी) में बादल फटने के बाद हिमाचल फायर डिपार्टमेंट की टीम ने बाढ़ के पानी में फंसे एक कुत्ते को रेस्क्यू किया। वीडियो में नजर आता है कि रेस्क्यूकर्मी रस्सी की मदद से कुत्ते को सुरक्षित स्थान तक ले जाते हैं। यह दृश्य लोगों को बेहद भावुक कर गया। सोशल मीडिया यूजर्स ने लिखा-
"So heartwarming to see a dog being rescued by the Himachal Fire Department in the Karsog area of Mandi after a cloudburst hit the region!" 🐾♥️












Click it and Unblock the Notifications