हाथरस मामले में बड़ा एक्शन, SDM और CO समेत 6 अधिकारी सस्पेंड, SIT रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
Hathras latest news today: उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 121 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। एक सप्ताह बीत जाने के बाद एसआईटी रिपोर्ट के आधार पर अब इस मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है।
घटना के 7 दिन बाद प्रदेश सरकार द्वारा एसआईटी रिपोर्ट के आधार पर एक्शन लेते हुए 6 अफसर को सस्पेंड कर दिया गया। मामले में एसडीएम सिकंदराराऊ रविंद्र कुमार, सीओ सिकंदराराऊ आनंद कुमार, तहसीलदार सिकंदराराऊ सुशील कुमार, प्रभारी निरीक्षक थाना सिकंदराराऊ आशीष कुमार, कचौरा चौकी प्रभारी मनवीर सिंह और पर चौकी इंचार्ज बृजेश पांडे को सस्पेंड किया गया है।

मौका मुआयना किए बगैर दी गई थी
एसआईटी जांच में सामने आया कि एसडीएम और सीओ समेत अन्य अधिकारियों द्वारा इस मामले को लेकर लापरवाही बढ़ती गई और अपने जिम्मेदारियाें का पालन नहीं किया गया। एसडीएम ने मौके पर निरीक्षण किए बगैर ही कार्यक्रम की अनुमति दी थी।
इसके अलावा इस कार्यक्रम के बारे में एसडीएम या पुलिस विभाग के लोगों द्वारा अपने उच्चाधिकारियों को कोई जानकारी नहीं दी गई थी। घटनास्थल पर लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग आदि भी नहीं कराई गई थी।
बाबा के भक्तों द्वारा भी छुपाए गए तथ्य
एसआईटी की जांच में यह भी बात सामने आई की भोले बाबा के भक्तों और आयोजकों द्वारा इस कार्यक्रम स्थल के बारे में कई तथ्यों को छुपाया गया। तथ्यों को छुपाते हुए कार्यक्रम की अनुमति ले ली गई इसके लिए कार्यक्रम के आयोजकों को भी दोषी माना गया है।
जांच में यह भी बात सामने आई है कि सत्संग के दिन भगदड़ से पहले बाबा के भक्त और आयोजकों ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया। मौके पर पहुंची पुलिस कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करना चाहती थी लेकिन आयोजकों ने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया।
यही कारण था कि पुलिस टीम द्वारा कार्यक्रम स्थल पर अंदर जाकर निरीक्षण नहीं किया जा सका। जिससे यह भी जानकारी नहीं हो पाई की अंदर कितने भक्त मौजूद हैं। फिलहाल अब इस मामले में एक सप्ताह बीत जाने के बाद सरकार द्वारा बड़ा एक्शन लिया गया है। कहा यह भी जा रहा है कि इस मामले में अभी और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications