Hathras Accident: ट्रैक्टर ट्रॉली और डंपर की हाथरस में हुई भिड़ंत, पांच लोगों की गई जान, कई घायल
Hathras Accident News: दर्दनाक हादसे की खबर उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले (Hathras Accident News) से सामने आई है। यहां बीती रात एक ट्रैक्टर ट्रॉली और डंपर के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, शवों को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ये हादसा इतना दर्दनाक था कि सादाबाद रोड़ से गुजने वाले भी इस हादसे को देखकर सहम गए।

ये हादसा हाथरस जिले सहपऊ थाना क्षेत्र के सादाबाद रोड़ पर हुआ है।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रैक्टर ट्रॉली सवार सभी लोग एटा जिले के गढ़िया मौजपुर गांव के रहने वाले थे और शुक्रवार 4 अगस्त की रात को मथुरा-वृंदावन के लिए निकले थे। श्रद्धालुओं के साथ आगरा, फिरोजाबाद क्षेत्र के उनके कुछ रिश्तेदार भी थे।
जैसे ही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली सादाबाद-जलेसर रोड पर सहपऊ क्षेत्र में नलगा ब्राह्मण के पास पहुंची तो सादाबाद की तरफ से आ रहे डंपर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इस दौरान डंपर चालक वहां से गाड़ी को भगालकर ले गया। लेकिन, डंपर की टक्कर से ट्रैकर ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
ऐसा बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर ट्रॉली में 25 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। इस दौरान सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सहपऊ, सादाबाद और अन्य थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। गांव के लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों को ट्रैक्टर-ट्राली से निकाला गया और घायलों को इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। घायलों को आगरा और अलीगढ़ रेफर किया गया है। इस हादसे में मरने वालों के नाम विक्रम, माधुरी, हेमलता, लख्मी तथा अभिषेक बताए जा रहे है। ये सभी लोग आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे है। वहीं, घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications