'लड़कियां OYO में हनुमान जी की आरती करने नहीं जातीं', हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष के बयान पर विवाद
Haryana राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने लड़कियों को कई हिदायतें दी हैं। साथ ही उनको लिव इन रिलेशन के दौरान सतर्क रहने को कहा।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने लिव इन रिलेशन और प्रेमी जोड़ों को लेकर एक ऐसा बयान दिया, जिस पर विवाद हो गया। उन्होंने कहा कि आज के जमाने में लड़कियां OYO रूम्स में हनुमान जी की आरती करने नहीं जाती हैं।
दरअसल रेणु भाटिया गुरुवार को कैथल के आरकेएसडी कॉलेज गई थीं। वहां पर कानून और साइबर अपराध पर जागरुकता कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान लड़कियों को लेकर उन्होंने कई बातें कहीं, जिस वजह से वो विवादों में आ गई हैं। कई लोगों ने उनसे माफी मांगने की मांग की।
कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं और महिलाओं से भाटिया ने साइबर क्राइम और उत्पीड़न पर बात की। साथ ही उन्होंने लिव इन रिलेशनशिप कानून में बदलाव की भी मांग की। भाटिया ने कहा कि लिव-इन रिलेशनशिप पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की वजह से महिला आयोग के पास इस मामले में सीमित अधिकार हैं।
अब तक उनके पास जो भी मामले आए हैं, उनमें से ज्यादातर लिव-इन रिलेशनशिप के हैं। ऐसे मामलों में वे ज्यादा दखल नहीं दे सकतीं, बल्कि उन्हें सुलझाने की कोशिश की जाती है। इसके अलावा इन मामलों में शामिल परिवार की भी इमेज खराब होती है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि लिव-इन रिलेशनशिप कानून की वजह से अपराधों की संख्या भी बढ़ रही।
OYO पर कही ये बात
वहीं महिलाओं के खिलाफ बढ़ते शारीरिक शोषण के मामले के लिए भाटिया ने लड़कियों को ही जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि ये OYO रूम में क्यों जाती हैं? लड़कियां हनुमान जी की आरती करने नहीं जाती हैं, ऐसी जगहों पर जाने से पहले इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वहां आपके साथ कुछ गलत हो सकता है।
उन्होंने कहा कि शोषण के केस में लड़कियां अक्सर ये बयान देती हैं कि किसी लड़के ने उनसे दोस्ती की और उनकी कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिला दिया। फिर उनके साथ गलत हरकत की और वीडियो बना लिया। ये अब नॉर्मल बात हो गई है।
उनका मानना है कि लड़कियों को इन सब चीजों के बारे में सोचना चाहिए। जब लड़कियां हर चीज में इतनी मेच्योर होती हैं तो इस मामले में क्यों नहीं? पता नहीं लड़के-लड़कियों को कॉलेज जाते ही क्या हो जाता है। लड़कियों को लगता है कि वो कुछ भी पहन सकती हैं। उनको लगने लगता है कि उनके पास बॉयफ्रेंड होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications