हरियाणा सरकार ने होली पर नहीं दी राहत, सार्वजनिक कार्यक्रमों पर पूरी तरह रोक
चंडीगढ़: नए साल पर कोरोना महामारी काफी हद तक काबू में आ गई थी, लेकिन अब फिर से हालात बिगड़ने लगे हैं। कुछ ही दिनों में होली का त्योहार भी आ रहा, ऐसे में कोरोना संक्रमण के ज्यादा बढ़ने का खतरा फिर से मंडराने लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। जिसके तहत लोग सार्वजनिक तौर पर रंगों का त्योहार नहीं मना पाएंगे। इससे पहले जब देश के कई राज्यों ने पटाखों पर पूरी तरह बैन लगाया था, तो भी हरियाणा में दो घंटे की राहत दी गई थी, लेकिन होली पर ऐसा नहीं हुआ।

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल बिज ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस के केस धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं, जिस वजह से सार्वजनिक तौर पर होली मनाने की इजाजत नहीं रहेगी यानी जो लोग डीजे आदि लगाकर बाजारों, कॉलोनियों में कार्यक्रम करते थे, वे नहीं कर पाएंगे। सरकार ने सभी को घर में रहकर शांतिपूर्वक ढंग से होली मनाने की हिदायत दी है।
दिल्ली में भी सख्ती
हरियाणा के पड़ोसी राज्य दिल्ली में भी कोरोना को लेकर सख्ती बरती जा रही है। राजधानी में होली, नवरात्रि और शब-ए-बारात पर कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा। अगर कोई ऐसा करता है, तो दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) उस पर कड़ा एक्शन लेगी। इसके अलावा पार्क, बाजार या धार्मिक स्थान पर उत्सव मनाने पर रोक लगा दी गई है।
हरियाणा में क्या है आंकड़ा
कुल संक्रमित मरीजों की संख्या- 2,81,588
एक्टिव केस- 6,149
रिकवर हुए मरीज- 2,72,335
मृतकों की संख्या- 3,104












Click it and Unblock the Notifications