नूंह हिंसा में जला दी गई थी महिला जज की कार, 3 साल की बेटी के साथ छिपकर ऐसे बचाई जान
Nuh violence: हरियाणा के नूंह में 31 जुलाई को भड़की हिंसा में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है और 60 से ज्यादा लोग घायल हैं। इस हिंसा को लेकर कई बातें सामने आ रही हैं। नूंह की एक अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (जज) और उनकी तीन साल की बेटी इस हिंसा में बाल-बाल बची हैं।
दंगाइयों ने महिला जज की कार तक जला दी थी। महिला जज के साथ उस वक्त उनकी तीन साल की बेटी भी थी। किसी तरह महिला जज ने बस स्टैंड में छिपकर अपनी और अपनी बेटी की जान बचाई। इस मामले पर अब एफआईआर दर्ज की गई है।

सिटी नूंह पुलिस स्टेशन में मंगलवार को दर्ज की गई एफआईआर में कहा गया है कि अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम /जज) अंजलि जैन और उनकी बेटी को सोमवार को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा, क्योंकि हमलावर उन पर पथराव और गोलीबारी कर रहे थे।
जज, उनकी बेटी और स्टाफ नूंह के पुराने बस स्टैंड की एक वर्कशॉप में छिपे थे। बाद में कुछ वकीलों ने उन्हें वहां से बचाया। एसीजेएम, नूंह की अदालत में प्रोसेसर सर्वर के रूप में काम करने वाले टेक चंद की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
FIR में पूरी घटना का जिक्र
एफआईआर के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब एक बजे जज अंजलि जैन, उनकी तीन साल की बेटी और गनमैन सियाराम अपनी फॉक्सवैगन कार से दवा खरीदने नलहर स्थित एसकेएम मेडिकल कॉलेज गए थे। दोपहर करीब 2 बजे जब वे मेडिकल कॉलेज से लौट रहे थे तो दिल्ली-अलवर रोड पर पुराने बस स्टैंड के पास करीब 100-150 दंगाइयों ने उन पर हमला कर दिया।
दंगाई उन पर पथराव कर रहे थे। कुछ पत्थर कार के पिछले शीशे पर लगे और दंगाइयों ने इलाके में गोलियां चला दीं। हम चारों कार सड़क पर छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए भागे। हम पुराने बस स्टैंड की एक वर्कशॉप में छिप गए और बाद में कुछ वकीलों ने हमें बचाया। अगले दिन, जब मैं कार देखने गया, तो मुझे पता चला कि दंगाइयों ने उसे जला दिया था।
इन मामलों में दर्ज किया गया केस
मामला प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता की धारा 148 (दंगा), 149 (गैरकानूनी सभा), 435 (नुकसान पहुंचाने के इरादे से आग लगाना), 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई थी।
विश्व हिंदू परिषद के जुलूस को रोकने की कोशिश को लेकर नूंह में भड़की झड़पें जो पिछले दो तीन दिनों में गुरुग्राम तक फैल गईं, उनमें दो होम गार्ड और एक मौलवी सहित छह लोगों की मौत हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications