केजरीवाल की ईमानदार छवि पर दाग लगाने के लिए उन्हें जेल भेजा, हिसार में BJP पर सिसोदिया का वॉर
Haryana Assembly Election 2024: आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने हरियाणा की हिसार विधानसभा से पार्टी के उम्मीदवार संजय सातरोडिया के समर्थन में रोड शो किया। इस क्रम में उन्होंने लोगों से जगह-जगह रुककर बातचीत भी की।
रोड शो के दौरान सिसोदिया ने अपने संबोधन में कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में लोगों को मुफ़्त में 24 घंटे बिजली देने का करिश्मा किया है। इस करिश्मे से ख़ुश होकर पंजाब के लोगों ने भी आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया। अब बारी हरियाणा की है। 5 अक्टूबर को आप लोग भी झाड़ू का बटन दबाकर आम आदमी पार्टी की सरकार बना दो। आप लोगों के भी बिजली के बिल जीरो आने लगेंगे।

भाषण के दौरान उनके निशान पर बीजेपी के नेता रहे। उन्होंने कहा, BJP वालों ने दिल्ली की जनता के काम रोकने और केजरीवाल जी की ईमानदार छवि पर दाग लगाने के लिए उन्हें जेल भेजा था। लेकिन ना ही जनता के काम रुके और ना ही केजरीवाल जी की ईमानदार छवि पर दाग लगा।
आप के सहयोग से बनेगी सरकार
मनीष सिसोदिया और आप नेता लगातार ये दावा कर रहे हैं कि हरियाणा में जिस पार्टी की भी सरकार आएगी आप के सहयोग के बिना नहीं आएगी। आप किंगमेकर की भूमिका में होगी। ये बातें उन्होंने भी दोहराई और कहा, हरियाणा में जिसकी भी सरकार बनेगी, वह आम आदमी पार्टी के सहयोग के बिना नहीं बनेगी। 5 अक्टूबर के दिन आपके बच्चों की अच्छी शिक्षा, अस्पतालों में मुफ्त इलाज और आपकी मुफ्त बिजली दांव पर लगी हुई है।
बता दें कि दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने हिसार से पहले आदमपुर और नलवा विधानसभा में रोड शो किया। सिसोदिया ने वहां भी आप की सरकार बनने पर 5 वादे पूरे करने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि आप के बिना यहां किसी की सरकार नहीं बनेगी।












Click it and Unblock the Notifications