हरियाणा में 7 जून तक बढ़ाया गया लॉकडाउन, ऑड-ईवन फॉर्मूले के तहत खुलेंगी दुकानें
चंडीगढ़, मई 30। कोरोना महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। राजधानी दिल्ली और आसपास के राज्यों में अब नए मामलों में कमी देखी जा रही है। ऐसे में राज्य सरकारों ने अब सख्त पाबंदियों में ढील देना शुरू कर दिया है। हालांकि लॉकडाउन को पूरी तरह से नहीं हटाया है। ऐसे में रविवार को हरियाणा सरकार ने भी लॉकडाउन को 7 जून तक बढ़ा दिया, लेकिन कुछ पाबंदियों पर राहत जरूरत दी।
Recommended Video

ऑड-ईवन फॉर्मूले के तहत खुलेंगी दुकानें
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा सरकार ने दुकानों को खोलने का फैसला किया है, लेकिन ऑड-ईवन के फॉर्मूले के तहत ये दुकानें खोली जाएंगी। इसके अलावा दुकानों को खोलने का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। इसके अलावा हरियाणा में नाइट कर्फ्यू को जारी रखने का फैसला लिया गया है। रात 10 से लेकर सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। राज्य में 15 जून तक सभी शिक्षण संस्थानों को भी बंद रखा गया है। आपको बता दें कि हरियाणा में 3 मई को लॉकडाउन की घोषणा की गई थी और तब से इस लॉकडाउन को चौथी बार बढ़ाया गया है। इससे पहले 9, 16 और 23 मई को लॉकडाउन में विस्तार किया गया था।
कई राज्यों में बढ़ाई गईं पाबंदियां
आपको बता दें कि हरियाणा से पहले कई और राज्यों ने भी लॉकडाउन में विस्तार किया है। दिल्ली सरकार ने भी पाबंदियों को 7 जून तक बढ़ाने के संकेत दिए हैं। हालांकि दिल्ली सरकार ने कंस्ट्रक्शन और फैक्ट्रियों को 1 जून से खोलने का निर्णय लिया है। बाकि सभी गतिविधियां अभी बंद रहेंगी। इसके अलावा गोवा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में भी पाबंदियों को बढ़ा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications