करनाल: SDM के वीडियो पर DM ने किया बचाव, कहा- वो ईमानदार अफसर, बस गलत शब्द बोले
करनाल, 30 अगस्त: दो दिन पहले हरियाणा के करनाल जिले में किसानों ने बीजेपी की बैठक के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही कई जगहों पर सड़क जाम कर दिया। जिस वजह से पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी, जिसमें कई किसान घायल हुए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर करनाल एसडीएम आयुष सिन्हा का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वो पुलिसकर्मियों को प्रदर्शनकारियों के सिर फोड़ने के निर्देश दे रहे हैं। इसके बाद से उनको हटाने की मांग की जा रही, लेकिन अब खुद करनाल डीएम ने उनका बचाव किया है।

Recommended Video
मामले में मीडिया से बात करते हुए करनाल डीएम निशांत यादव ने कहा कि मैं करनाल प्रशासन के प्रमुख के रूप में वायरल वीडियो और घटना पर खेद व्यक्त करता हूं, लेकिन ड्यूटी पर तैनात एसडीएम ईमानदार अफसर हैं। उन्होंने उस समय कुछ शब्दों का इस्तेमाल किया, जो उन्हें नहीं करना चाहिए था, लेकिन उनकी मंशा गलत नहीं थी। उन्होंने पुलिस बल से कहा कि अगर प्रदर्शनकारी इस स्थान पर पहुंचते हैं, तो वे तब तक 2 नाके तोड़ चुके होंगे और अगर उन्होंने अपना नाका पार किया, तो वे तोड़फोड़ करेंगे। इसलिए उन्हें अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उनसे बात करने की जरूरत है और अगर कोई नहीं समझता है, तो डंडों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
डीएम के मुताबिक जो वीडियो वायरल हो रहा है, वो पूरा नहीं है। पूरी ब्रीफिंग को उसमें नहीं दिखाया गया, जबकि पूरा देखने पर पता चलता है कि उन्होंने पुलिस बल को कैसे बताया। उन्होंने साफतौर पर कहा था कि जब प्रदर्शनकारी यहां पहुंचते हैं, तो उन्हें रोका जाएगा, उनसे बात की जाएगी। अगर वो नहीं मानते तो बल का इस्तेमाल किया जाएगा, क्योंकि उनके नाके के बाद कोई फोर्स नहीं है।
ये था वायरल वीडिया में
वायरल वीडियो में एसडीएम पुलिसकर्मियों से कह रहे हैं- "जो भी यहां से आगे जाने की कोशिश करे, उसका सिर फोड़ देना, इसमें कोई डाउट नहीं है, आपको किसी डायरेक्शन की जरूरत नहीं है। किसी भी हालत में इन्हें इस लाइन के आगे नहीं जाने देना है। डीएम कह रहे हैं कि हमारे पास पर्याप्त फोर्स है। हम दो दिन से यहां ड्यूटी कर रहे हैं। यहां से आगे एक बंदा नहीं जाना चाहिए। अगर कोई आगे जाता है तो उसका सिर फूटा हुआ होना चाहिए।"












Click it and Unblock the Notifications