हरियाणा के खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में जीते 33 मेडल, सीएम खट्टर ने दी बधाई
एशियन गेम्स में जिस तरह से इस बार हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा दिखा उससे प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर काफी खुश हैं। मनोहर लाल खट्टर ने इन तमाम खिलाड़ियों को बधाई दी है जिन्होंने एशियन गेम्स में जबरदस्त प्रदर्शन किया। इन तमाम खिलाड़ियों का मुख्यमंत्री ने उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें ईनाम देने की बात कही है।
खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए मनोहर लाल खट्टर ने कहा, चीन में एशियाई खेलों में 107 में 33 पदक हरियाणवी खिलाड़ियों ने जीते और हरियाणा देश में अव्वल रहा। मैं इन सभी खिलाड़ियों को अनंत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने खेलो इंडिया जैसी प्रतिस्पर्धा के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने का कार्य किया है, नतीजन हमारे खिलाड़ी आज बड़ी से बड़ी अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में भारत का परचम लहरा रहे हैं।
हमने भी अपनी खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की और उन्हें निरंतर प्रोत्साहित किया। म्हारे खिलाड़ियों की मेहनत के चलते आज उनका दायरा और प्रदर्शन दोनों बढ़े हैं।
गौर करने वाली बात है कि इस बार एशियन गेम्स में भारत ने 107 मेडल जीता है जोकि अबतक एशियन गेम्स में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने 33 मेडल अपने नाम किया है। जिसमे 10 गोल्ड मेडल, 6 रजत और 17 कांस्य पदक शामिल हैं।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खुश सीएम ने खिलाड़ियों को ईनाम राशि देने का ऐलान किया है। गोल्ड जीतने वाले खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपए, रजत जीतने वालों को 1.5 करोड़ और कांस्य पदक जीतने वालों को 75 लाख रुपए दिए जाएंगे। साथ ही जो भी खिलाड़ी एशियन गेम्स में शामिल हुए उन्हें 7.5 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया है।












Click it and Unblock the Notifications