Nuh News: कांग्रेस MLA मामन खान 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, क्या पूछताछ में खुलेगी गुत्थी?
Nuh News: हरियाणा के नूंह जिले में 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक हिंसा के मामले में राज्य की ही एक अदालत ने मंगलवार को कांग्रेस विधायक मामन खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले 17 सितंबर को कोर्ट ने खान की पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी थी। अधिकारियों ने कहा कि नगीना पुलिस स्टेशन में दर्ज एक एफआईआर के सिलसिले में उनकी रिमांड बढ़ा दी गई थी।
आपको बता दें कि फिरोजपुर झिरका के विधायक मामन खान को सांप्रदायिक हिंसा के बाद 1 अगस्त को दर्ज एक अलग प्राथमिकी में आरोपी के रूप में नामित किया गया था। जिसके बाद 15 सितंबर की देर रात राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। उस एफआईआर में आरोपों में धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना शामिल है।

खान के फोन और लैपटॉप को कब्जे में
रिमांड के दौरान, पुलिस ने खान के मोबाइल फोन और लैपटॉप को अपने कब्जे में ले लिया। सबूत के लिए उसके सोशल मीडिया अकाउंट की समीक्षा की। 17 सितंबर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद, पुलिस ने नूंह हिंसा पर दर्ज तीन और मामलों के संबंध में पूछताछ के लिए खान की 5 दिन की रिमांड मांगी थी।
कांग्रेस ने सरकार को घेरा, पूछा ये सवाल
इस बीच, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि खान को राजनीतिक षडयंत्र के तहत गिरफ्तार किया गया था और हाई कोर्ट के न्यायाधीश की निगरानी में नूंह हिंसा की न्यायिक जांच की मांग की गई। पूर्व मुख्यमंत्री और हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान ने एक संयुक्त बयान जारी कर सरकार से पूछा कि वह "न्यायिक जांच से क्यों डरती है"?
विधायक का क्या है दावा?
पिछले हफ्ते, फिरोजपुर झिरका के विधायक ने गिरफ्तारी से सुरक्षा की मांग करते हुए कोर्ट का रुख किया था। उनका दावा था कि उन्हें इस मामले में फंसाया जा रहा है, जबकि हिंसा भड़कने के दिन वह नूंह में भी नहीं थे। विधायक के वकील ने सुनवाई के बाद मीडिया से कहा कि खान को अभी पता चला है कि उनका नाम एफआईआर में है। वकील के अनुसार, कोर्ट ने कहा कि खान कानून के अनुसार स्वतंत्रता की सुरक्षा के लिए उचित उपाय की तलाश कर सकते हैं।
क्या है नूंह हिंसा?
आपको बता दें कि 31 जुलाई को नूंह में दो समूहों के बीच झड़प हो गई थी, जब जिले से गुजर रहे एक धार्मिक जुलूस पर हमला किया गया था। जिसमें दो होम गार्ड समेत 6 लोग मारे गए थे। इसके अलावा, इसके बाद भड़की हिंसा में करीब 20 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications