Haryana News: रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर बोले सीएम खट्टर, कहा-'सैंकड़ों वर्षों के संघर्ष का अंत हुआ'
Haryana News: अयोध्या के राम मंदिर में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश में दीपावली जैसा माहौल है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल के कर्णेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। जहां उन्होंने भगवान श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण स्क्रीन पर देखा इस दौरान सीएम खट्टर ने राम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा की सभी को शुभकामनाएं दी है।
इस दौरान सीएम खट्टर ने कहा कि जिस तरह से आक्रमणकारियों ने राम जन्मभूमि मंदिर पर आक्रमण किया और मंदिर को ध्वस्त किया। अयोध्या में राम मंदिर को लेकर सैकड़ो वर्षों तक संघर्ष हुआ। आज पूरा देश राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भाव विभोर है। देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी लोग बहुत ज्यादा खुश हैं। मैंने पीएम मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के संबोधन को सुना है। यह एक नए युग की शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि पहले बोलते थे सौगंध राम की खाते हैं, मंदिर वहीं बनाएंगे और कांग्रेस के लोग यह कहते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। लेकिन आज हमने कहा है कि श्री राम के वंशज आए हैं और श्री राम मंदिर बनाकर आए हैं। मंदिर बन चुका है और आज यह बड़े ही हर्ष का विषय है।
सीएम खट्टर ने कहा कि साल 1990 में अयोध्या में गोलियां चली थी। लेकिन आज वहां हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि बहुत कष्ट झेले हैं और दुख भी सहे हैं। लेकिन इसका आनंद हम तभी ले पाएंगे। जब बीती बातों को भुला देंगे। आगे हमारा जीवन राममय होकर मन में राम तन में राम होगा। राम राज्य की परिकल्पना लेकर आगे बढ़े यही सभी को शुभकामना है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह हमारे संघर्ष का परिणाम है कि आज अयोध्या में राम जन्मभूमि पर राम मंदिर का निर्माण हुआ। वहां पर आज भगवान श्री राम लला विराजमान हुए हैं। इसके लिए सभी को शुभकामना देता हूं। 22 जनवरी 2024 को आया नया सवेरा है। आज अयोध्या में बड़े ही भक्ति भाव से हर्षोल्लास से नवनिर्मित भवन में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है। रामलला वहां पर विराजमान हो चुके हैं। आज इस समय करोड़ों लोग राममय वातावरण में हैं।












Click it and Unblock the Notifications