Haryana News: पीएम मोदी की रैलियों के शेड्यूल में बदलाव, अब 18 मई को अंबाला में होगी विशाल जनसभा
Haryana News: हरियाणा में 25 मई को मतदान दिवस है। इसके लिए सभी सियासी दलों ने प्रचार तेज कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने पीएम नरेंद्र मोदी की 18 मई को अंबाला में रैली आयोजित की है। पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि हरियाणा में पीएम नरेंद्र मोदी की रैलियों का शेड्यूल बदल गया है। प्रदेश भाजपा ने अंबाला सीट के लिए रैली का प्रस्ताव नहीं दिया था,लेकिन मोदी 18 मई को अंबाला में रैली करने पहुंचेंगे।
माना जा रहा है कि पीएम मोदी ने अंबाला सीट पर प्रचार कई मायनों में खास होगा। सूत्रों ने बताया कि 18 मई को अंबाला के पूर्व सांसद और भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के स्वर्गीय पति रतन लाल कटारिया की पुण्यतिथि है ,लिहाजा वह रैली के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। अंबाला पुलिस लाइन में होने वाली इस चुनावी रैली में पूर्व सांसद की तस्वीर रखकर उन्हें याद किया जायेगा।

ज्ञात हो कि बीते साल 18 मई को रतन लाल कटारिया का बीमारी की वजह से निधन हो गया था और अंबाला लोकसभा सीट खाली हो गई थी। उस वक़्त पीएम मोदी ने खुद फोन करके बंतो कटारिया से शोक जताया था। कटारिया के निधन के पश्चात उपचुनाव की अटकलें चली थी, किंतु चुनाव आयोग ने आम चुनाव में एक वर्ष का समय होने के चलते उप चुनाव नहीं कराने का निर्णय लिया था।
भाजपा किसी भी सूरत में अंबाला की सीट नहीं गंवाना चाहती है ,लिहाजा इस सीट पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद प्रचार का जिम्मा संभालकर रखा हुआ है। अब पीएम मोदी के आने से स्थानीय मतदाताओं में भी जबरदस्त उत्साह देखा जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications