महिला एथलीट कोच ने हरियाणा के खेल मंत्री पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, विपक्ष हुआ हमलावर
हरियाणा की एक महिला एथलीट कोच ने खेल मंत्री पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है।

ओलंपियन और हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर एक जूनियर कोच ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक कोच जो राष्ट्रीय स्तर की एथलीट भी हैं ने कहा कि संदीप सिंह ने कथित तौर पर उन्हें अपने आधिकारिक आवास पर बुलाया और वहां छेड़छाड़ की। साथ ही महिला कोच ने मंत्री पर अन्य महिला खिलाड़ियों को प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है।
मंत्री पर आरोप लगाते हुए जूनियर कोच ने कहा कि खेल मंत्री ने उनसे इंस्टाग्राम पर संपर्क किया और कथित तौर पर वैनिश मोड का इस्तेमाल कर रहे थे। वहीं, बाद में बातचीत को हटा दिया। संदीप सिंह ने कथित तौर पर कोच को स्नैपचैट पर चैट करने के लिए भी कहा। साथ ही कोच ने कहा कि मंत्री की तरफ से चंडीगढ़ के सेक्टर 7 में व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए भी दबाव डाला गया।
हालांकि, जब मैं मिलने नहीं गई तो मंत्री की तरफ से मुझे इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया गया। वहीं, फिर अनब्लॉक किया गया और प्रताड़ित किया गया। साथ ही महिला कोच ने आरोप लगाते हुए कहा कि संदीप सिंह ने यौन शोषण के एवज में अन्य सुविधाओं के अलावा पोस्टिंग के लिए सबसे अच्छी जगह देने का भी वादा किया था।
पीड़िता ने कहा कि जब उसने मंत्री की बात नहीं मानी तो उसका तबादला कर दिया गया और उसका प्रशिक्षण रोककर प्रताड़ित भी किया गया। महिला कोच ने यह भी दावा किया कि उन्होंने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री कार्यालय, डीजीपी कार्यालय, गृह मंत्री अनिल विज के अलावा अन्य लोगों के सामने उठाया था लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।
पीड़ित 400 मीटर राष्ट्रीय चैंपियन एथलीट भी है
पीड़ित 400 मीटर राष्ट्रीय चैंपियन एथलीट है और उसने रियो में आयोजित ओलंपिक के दौरान राज्य के कोच के रूप में भी काम किया था। वह पंचकुला में शामिल हो गई थी लेकिन बाद में खेल मंत्री द्वारा झज्जर में स्थानांतरित कर दी गई थी। इधर मामले में विपक्ष हमलावर हो गया है।
विपक्षी इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की अपील की है। इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री को यौन उत्पीड़न के आरोपी खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही चौटाला ने यह भी मांग की है कि मामले की जांच एसआईटी से कराई जाए और मंत्री को तत्काल हटाया जाए। इसके अलावा उन्होंने आरोपी खेल मंत्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में विरोध प्रदर्शन शुरू करने की भी धमकी दी।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में 178 अवैध कब्जों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, विधानसभा में INLD विधायक ने किया हंगामा












Click it and Unblock the Notifications