हरियाणा में 178 अवैध कब्जों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, विधानसभा में INLD विधायक ने किया हंगामा
प्रश्नकाल के दौरान विज ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों पर शिकंजा कस रही है, जिन्होंने अपराध की आय से अवैध संपत्तियां बनाई हैं।

हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य सरकार ने अपराधियों और मादक पदार्थों के तस्करों द्वारा अपराध से हासिल पैसे से बनाई गई कुल 178 अवैध संपत्तियों को ध्वस्त कर दिया है। वहीं इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और इंडियन नेशनल लोकदल के विधायक अभय चौटाला की बीच बहस हो गई।
आगे भी अपराधियों की संपत्तियों पर होगी बुलडोजर कार्रवाई- विज
प्रश्नकाल के दौरान विज ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों पर शिकंजा कस रही है, जिन्होंने अपराध की आय से अवैध संपत्तियां बनाई हैं। विज ने कहा कि कुल 178 अवैध संपत्तियों को बुलडोजर से गिराया गया है जिनमें से 72 संपत्तियां नशीले पदार्थ की तस्करी में शामिल अपराधियों की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की कार्रवाई के कारण अपराधी राज्य से भाग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने से नहीं हिचकेगी। विज ने सख्त लहजे में कहा या तो गुंडागर्दी छोड़ो या हरियाणा। हम किसी को भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल नहीं होने देंगे। हम और कड़े कानून बनाएंगे।
इससे पहले इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री खट्टर और चौटाला के बीच जुबानी जंग भी हुई। खट्टर ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों की संपत्तियों को गिराने की राज्य सरकार की कार्रवाई को 'विनाशकारी' करार देना नैतिक रूप से गलत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के शब्दों के इस्तेमाल से पता चलता है कि नशा तस्करों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई से विपक्ष खुश नहीं है।
उन्होंने कहा, "हम तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते रहेंगे। खट्टर ने कहा कि अगर जांच के दौरान यह पाया जाता है कि इन अपराधियों ने अपराध के जरिए कमाए पैसे से अचल संपत्ति का निर्माण किया है तो उन्हें ध्वस्त कर दिया जाएगा।
वही आपको बता दें कि आईएनएलडी विधायक अभय चौटाला ने राज्य सरकार से पूछा था कि अगर परिवार का कोई एक सदस्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो जाता है तो क्या सरकार पूरे परिवार द्वारा बनाए गए घर को तोड़ देगी? और अगर परिवार ने अपने उस व्यक्ति से संबंध तोड़ लिए हैं जो अपराधी है तो फिर भी क्या घर को तोड़ा जाएगा? इनेलो विधायक ने दावा किया कि ऐसी कई शिकायतें हैं, जिनमें परिवारों ने कहा है कि उन्होंने ऐसे अपराधियों से रिश्ते तोड़ दिए हैं, फिर भी सरकार ने उनके घरों को ध्वस्त कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications