हरियाणा: गृह मंत्री अनिल विज के पास पहुंचे प्रदेशभर के सैकड़ों फरियादी, कबूतरबाजी की सबसे ज्यादा शिकायत
Haryana News: हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अंबाला में अपने आवास पर प्रदेशभर के सैकड़ों फरियादी की शिकायतें शनिवार को सुनी। इस दौरान अनिल विज के सामने सबसे ज्यादा कबूतरबाजी के कई मामले को लेकर शिकायत की गई।
कबूतरबाजी के कई मामले को सुनने के बाद अनिल विज ने कबूतरबाजी के लिए गठित एसआईटी को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। वहीं कैथल के एक शख्स ने शिकायत करते हुए कहा कि, ठगों ने जर्मनी वर्क वीजा के नाम पर उससे छह लाख रुपये ठग लिए हैं।

शख्स ने कहा, पहले एजेंटों ने उसे जर्मनी भेजने का झांसा देकर रूस भेजा, जिसके बाद उसे फिर से भारत बुला लिया गया। जहां से फिर उसे श्रीलंका के रास्ते दुबई भेजा और झांसा दिया गया कि जर्मनी जल्द भेजा जाएगा। लेकिन दुबई में कुछ महीने रहने के बाद उसे कजाकिस्तान भेजा गया जहां उसे पुलिस ने पकड़ लिया। फिर उसे जुलाई 2023 में डि-पोर्ट किया गया और वह भारत आया। उसने भारत आने के बाद एजेंटों से पैसे वापस मांगे तो उसे धमकियां दी गई।
एक अन्य शिकायतकर्ता यमुनानगर निवासी ने कहा कि उसे पुर्तगाल भेजने के नाम पर एजेंटों ने 9 लाख रुपये की ठगी की है। उसने कहा कि उसे जो वीजा दिखाया गया था वो फर्जी था।
वहीं एक अन्य महिला शिकायतकर्ता कुरुक्षेत्र निवासी ने कहा कि उससे स्टडी वीजा पर इंग्लैंड भेजने के नाम पर 21 लाख रुपये की ठगी की गई है। उसने कहा कि उसे भी जो वीजा दिया था, वो फर्जी था। वहीं एक अन्य फरियादी ने कहा कि, उससे अमेरिका भेजने के नाम पर 9.50 लाख रुपये ठगे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications