"5G से कोरोना फैल रहा" ऐसी अफवाह उड़ाने वालों पर हरियाणा में सख्त कार्रवाई होगी, आदेश जारी
चंडीगढ़। देश में चल रहे 5जी नेटवर्क ट्रायल को कोरोना के संक्रमण के लिए जिम्मेदार बताए जाने की बहुत सी अफवाहें उड़ रही हैं। जिसके चलते कई स्थानों पर 5जी के टावरों को नुकसान पहुंचाया गया। हरियाणा में भी ऐसी शिकायतें मिलने पर सरकार ने जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। राज्य के चीफ सेक्रेटरी (मुख्य सचिव) विजय वर्धन ने इस बारे में अधिसूचना साझा की।

चीफ सेक्रेटरी विजय वर्धन के मुताबिक, हरियाणा के जिलों में दूरसंचार बुनियादी ढांचे व इससे संबंधित अन्य संपत्तियों की सुरक्षा के लिए 5जी नेटवर्क ट्रायल को कोरोना के संक्रमण से जोड़ने वाली भ्रामक अफवाहें फैलाने वालों से निपटने के लिए तत्काल सख्त कार्रवाई करने का आदेश जारी किया गया है। चीफ सेक्रेटरी द्वारा जारी एक आदेश में कहा गया, "विश्व स्वास्थ्य संगठन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी अफवाहें गलत हैं कि कोरोना का संक्रमण 5जी की वजह से फैल रहा है, क्योंकि वायरस रेडियो तरंगों/मोबाइल नेटवर्क के जरिए नहीं फैलता।"

वर्धन द्वारा जारी आदेश में लिखा गया, "जैसा कि आप जानते होंगे कि कोरोना वायरस के कारण होने वाली लोगों की मौतों व स्वास्थ्य समस्याओं की वजह 5G टावरों के ट्रायल को बताया जा रहा है। कुछ लोग ये गलत सूचनाएं फैल रहे हैं। जिसके परिणामस्वरूप राज्य में कुछ ऐसी घटनाएं हुई हैं कि गुमराह लोगों द्वारा मोबाइल टावरों व नेटवर्क के संसाधनों को नुकसान पहुंचाया गया है। हम साफ किए देते हैं कि ऐसा करना अपराध है, इसके लिए सख्त कार्रवाई होगी।"












Click it and Unblock the Notifications