हरियाणा में युवाओं को प्रकृति और यातायात के प्रति किया जाएगा जागरूक, खुलेंगे सेंटर
चंडीगढ़। हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने प्रदेश के युवाओं को यातायात व प्रकृति के प्रति जागरूक करने के लिए 'नेचर एंड ट्रैफिक इंटरप्रीटेशन सेंटर' खोलने का फैसला किया है। सरकार का ये कार्यक्रम प्रदेश के युवाओं को यातायात और प्रकृति के प्रति जागरूक करेगा। शिक्षा विभाग की तरफ से इस बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि सभी सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों के प्रिंसिपलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने कॉलेज में 'नेचर एंड ट्रैफिक इंटरप्रीटेशन सेंटर' स्थापित कर लें।

नेचर एंड ट्रैफिक इंटरप्रीटेशन सेंटर कैसे करेंगे काम?
इन सेंटर्स में कॉलेज के सभी युवाओं को पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा। साथ ही किसी एक असिस्टेंट प्रोफेसर या एसोसिएट प्रोफेसर को नोडल अधिकारी नियुक्त करना होगा। शिक्षा विभाग की तरफ से बताया गया है कि कॉलेजों में 'नेचर एंड ट्रैफिक इंटरप्रीटेशन सेंटर' स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करके प्रकृति से संबंधित अधिक से अधिक गतिविधियों में शामिल करना है।
ट्रैफिक को लेकर लापरवाही और दुर्घटनाएं आ रही हैं सामने
आपको बता दें कि राज्य में बढ़ते यातायात के चलते लोगों की तरफ से लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं, जिसकी वजह से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कॉलेजों में पढऩे वाले प्रत्येक युवा को 'नेचर एंड टै्रफिक इंटरप्रीटेशन सैंटर' में रजिस्टर्ड करवाने के निर्देश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications