सीएम खट्टर का बड़ा फैसला, हरियाणा में राजमार्गों पर हर 60 KM के दायरे में होगा ट्रामा सेंटर
गुरुग्राम। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को सड़क सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में ये फैसला लिया गया कि हरियाणा में नेशनल हाइवे पर हर 60 किलोमीटर के दायरे में एक ट्रामा सेंटर बनाया जाएगा। इसके अलावा वाहनों की ओवरलोडिंग और ओवर स्पीड पर भी नकेल कसी जाएगी। इसके अलावा हरपथ ऐप पर आई शिकायतों का समाधान नहीं होने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में ये फैसला लिया गया कि सड़कों की मरम्मत समय से हो। इसके अलावा ये भी सुनिश्चित की जाए कि सड़क पर वाहन चलाने वाले हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें।

मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि नई सड़कों को लेकर जो भी प्लान किए जाएं वो भविष्य को नजर में रखकर की जाए। इस बैठक में हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। वो फरीदाबाद में थे। मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि अकसर ये देखा जाता है कि बाइपास बन जाने के बाद पता चलता है कि कुछ स्थानों पर अंडर पास और ओवरब्रिज की जरूरत है। सांपला और यमुनानगर का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क समय से पहले बन जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोड मैपिंग को लेकर सर्वे किया जाए।
इस बैठक में ये फैसला लिया गया कि सड़क हादसे पर एंबुलेंस के समय पर पहुंचने एवं समय से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने वालों को ईनाम दिया जाएगा। बैठक में बताया कि बस डिपो में जाकर बस चालों और ढाबों पर जाकर ट्रक ड्राइवरों को जागरूक किया जाएगा। मुख्यमंत्री खट्टर ने जिला सड़क सुरक्षा परिषदों की बैठकें नियमित आधार पर करने के निर्देश दिए ताकि जिला स्तर पर लगातार निगरानी की जा सके।











Click it and Unblock the Notifications