हरियाणा में एक हफ्ते और बढ़ा लॉकडाउन, रात 11 से सुबह 5 बजे तक रहेगा नाइट कर्फ्यू
हरियाणा, 18 जुलाई: हरियाणा सरकार ने एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन और बढ़ा दिया है। इस दौरान कुछ और छूट दी गई है। अब रात 11 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। मुख्यमंत्री कार्यालय के ऑफिशियल ट्वीटर हैंडल से ट्वीट में कहा गया कि ''महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा" के तहत कोविड-19 महामारी पर काबू पाने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा जारी पाबंदियों को 26 जुलाई, 2021 तक आवश्यक रियायतों के साथ बढ़ा दिया गया है।

50 फीसदी क्षमता के साथ बार और रेस्टोरेंट खुल सकेंगे
राज्य सरकार की नई गाइडलाइन के मुताबिक, हरियाणा में 50 फीसदी क्षमता के साथ बार और रेस्टोरेंट सुबह 10 बजे से रात 11 बजे तक संचालित होंगे। इस दौरान कोरोना से बचाव के सभी निर्देशों का सख्ती से पालन अनिवार्य है। गोल्फ कोर्स में बने क्लब हाऊस, बार और रेस्टोरेंट भी 50 फीसदी क्षमता के साथ खुलेंगे। यहां भी सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। सुबह 10 से रात 11 बजे तक खुलने की अनुमति होगी।
जिम के समय में एक घंटे की बढ़ोतरी
जिम के समय में एक घंटे की बढ़ोतरी की गई है। राज्य में जिम अब सुबह छह बजे से रात 9 बजे तक खुलेंगे। इस दौरान सामाजिक दूरी और नियमित सैनिटाइजेशन का ध्यान रखना होगा। बता दें, पहले यह समय रात 8 बजे तक था। कोविड प्रोटोकॉल के साथ स्पा सेंटर भी सुबह छह 6 से रात 8 बजे तक खुलेंगे। यहां भी 50 फीसदी क्षमता तय कर दी गई है।
शादी और अंतिम संस्कार में अब 100 लोगों को अनुमति
राज्य में अब शादी और अंतिम संस्कार में 50 की जगह 100 लोगों को शामिल होने की अनुमति है। वहीं, खाली स्थान पर 200 लोगों के शामिल होने की अनुमति होगी। हालांकि, इस दौरान कोविड के नियमों का पालन जरूरी होगा। इसके अलावा स्वीमिंग पूल भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को लिए ही खुलेंगे। आधी क्षमता के साथ सिनेमा हॉल खुलेंगे। सरकार ने कोचिंग संस्थान, ट्रेनिंग सेंटर प्रयोगशालाओं को सख्त निर्देशों के साथ खुलने की मंजूरी दी है।












Click it and Unblock the Notifications