हरियाणा चुनाव 2024: कौन हैं करोड़पति निर्दलीय, पंचकूला-कालका सीट पर बिगाड़ेंगे भाजपा-कांग्रेस का गणित
हरियाणा में पांच अक्टूबर को हो रहे विधानसभा चुनाव 2024 में न केवल राजनीतिक दलों के उम्मीदवार बल्कि 'पैसे वाले' निर्दलीय भी मैदान में हैं। इस बात का ताजा उदाहरण पंचकूला व कालका सीट हैं। दोनों सीटों पर निर्दलीय ने अपनी संपत्ति को लेकर हर किसी ध्यान खींचा है।
पंचकूला निर्वाचन क्षेत्र के 61 वर्षीय निर्दलीय उम्मीदवार एमपी शर्मा ने ₹13.46 करोड़ की संपत्ति घोषित की है। सेवानिवृत्त होने से पहले शर्मा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) में एसडीओ के पद पर कार्यरत थे। शर्मा ब्राह्मण सभा जैसी सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं।

सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री रखने वाले शर्मा के चुनाव शपथ पत्र के अनुसार उनके पास पंचकूला के सेक्टर 21 में एक घर है। कालका निर्वाचन क्षेत्र के निर्दलीय उम्मीदवार गोपाल सुखोमाजरी की संपत्ति का मूल्य ₹7 करोड़ है, उन पर ₹4.13 करोड़ की देनदारियाँ हैं, जो मुख्य रूप से वाणिज्यिक वाहनों के लिए ऋण के कारण हैं।
कक्षा 10 तक पढ़े-लिखे गोपाल खनन क्षेत्र से जुड़े हैं। इनके पास 12 वाहन हैं, जिनमें आठ टिपर ट्रक और चार उत्खनन मशीनें शामिल हैं, जिनकी कीमत ₹5.78 करोड़ है। गोपाल के खिलाफ साल 2017 से अवैध खनन और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े आठ आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं।
गोपाल की पत्नी कालका नगर परिषद में पार्षद हैं। वो भी चुनाव में पति को सपोर्ट कर रही है। खास तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से।
अन्य उम्मीदवारों में पंचकूला से कांग्रेस के उम्मीदवार चंद्र मोहन 80.88 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सभी उम्मीदवारों में सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। कालका में भाजपा की शक्ति रानी शर्मा 144 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे अमीर उम्मीदवार हैं।
कालका के चुनावी इतिहास में निर्दलीय उम्मीदवारों ने ज्यादा जीत दर्ज की है। लक्ष्मण सिंह ने 1967 और 1982 में जीत हासिल की थी। इसके विपरीत 2009 में स्थापित पंचकूला निर्वाचन क्षेत्र में अभी तक एक भी निर्दलीय उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाया है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में पंचकूला सीट पर कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि कालका सीट पर सात उम्मीदवार हैं। उम्मीदवारों की यह विविधता, जिसमें बेहद अमीर से लेकर कानूनी मामलों में उलझे हुए उम्मीदवार शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा की सभी 90 सीटों पर एक साथ 5 अक्टूबर को मतदान होगा। 8 अक्टूबर को मतों की गिनती की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications