Haryana Election: नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी ने ठोकी चुनावी ताल, इस सीट से भरा पर्चा, किया ये वादा
Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा चुनाव में नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी की भी एंट्री हो गई है। बिट्टू बजरंगी ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने फरीदाबाद की एनआईटी विधानसभा सीट से पर्चा भरा है। इसी के साथ उन्होंने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि उनको जनता का समर्थन है।
नूंह हिंसा मामले में आरोपी और गौरक्षक बिट्टू बजरंगी उर्फ राजकुमार पांचाल ने सोमवार (9 सितंबर) को समर्थकों के साथ सेक्टर 12 लघु सचिवालय पहुंचकर नामांकन भरा। पर्चा भरने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वो हमेशा की तरह लव जिहाद और गौकशी का मुद्दा उठाते रहेंगे।

नूंह हिंसा मामले में आरोपी है बजरंगी
गौ रक्षा बजरंग फोर्स बनाने वाले बिट्टू बजरंगी का विवादों से पुराना नाता है। वो पिछले साल जुलाई में विश्व हिंदू परिषद की ओर से आयोजित जुलूस पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद भड़की नूंह हिंसा मामले में आरोपी हैं।
लव जिहाद, गौकशी का उठाया मुद्दा
मीडिया से बात करते हुए बिट्टू बजरंगी ने मौजूदा नेताओं की जमकर आलोचना करते हुए कहा कि वो लव जिहाद जैसे मुद्दों को उठाने के साथ गौकशी पर भी अपनी आवाज बुलंद करेंगे। इसी के साथ उन्होंने कहा कि अगर वे चुनाव जीतते हैं तो उन्हें और भी कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा।
इसी के साथ बजरंगी ने कहा कि जनता दुखी है और बदलाव चाहती है, नेताओं ने एनआईटी के लोगों को ठगा है। यहां सड़कों की हालत खराब है। बहन-बेटियों के निकलना दुश्वार हो चुका है। नेता लाखों-करोड़ों खर्च कर चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन मेरे पास पैसा नहीं केवल जनता का का समर्थन है।
बता दें कि बिट्टू बजरंगी को 15 अगस्त को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया था। वो वो फरीदाबाद के ही रहने वाले हैं। बिट्टू बजरंगी की पहचान गौ-सेवा और लव जिहाद के खिलाफ उनके अभियान को लेकर की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications