'निरंकारी युवा संगोष्ठी' में शामिल हुए सीएम खट्टर, कहा- नशे के खिलाफ हमारी लड़ाई होगी और मजबूत
Haryana News: मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शनिवार 2 दिसंबर को पानीपत पहुंचे। यहां भौडवाल माजरी स्थित संत निरंकारी मिशन के तत्वाधान में आयोजित निरंकारी युवा संगोष्ठी में शामिल हुए। इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में नाटक मंचन द्वारा जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बोलते हुए हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हरियाणा में नशे के विरुद्ध निर्णायक युद्ध में समाज के संत महात्माओं का हमें निरंतर साथ मिल रहा है। कहा कि निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित द्वारा ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के जो प्रयास किए जा रहे हैं, वे बेहद प्रशंसनीय हैं।

उन्होंने कहा कि निश्चित ही इन प्रयासों से नशे के खिलाफ हमारी लड़ाई और मजबूत होगी। सीएम ने कहा कि युवाओं में ऊंची उड़ान भरने का टारगेट रहता है। उन्हें हुनर व कौशल के माध्यम से प्रयास करना चाहिए। लक्ष्य हासिल ना होने पर कठिनायां शुरू हो जाती हैं, जो धीरे-धीरे तनाव में तब्दील हो जाती है। इस स्थिति में गलत व्यक्तियों की संगति व नशे का सेवन उन्हें आगे बढ़ने से रोकता है।
सीएम ने कहा कि उन्होंने अपने जन्मदिन पर 5 मई को सन्तों का आशीर्वाद लेकर प्रदेश को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराई (नशा आदि) को सरकार केवल अपने स्तर पर खत्म नहीं कर सकती, इसके लिए समाज के सहयोग की आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशा जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए नशा तस्करों की कमर तोड़ने में युवा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि आप के पास नशा तस्करों के खिलाफ कोई सूचना हो तो तत्काल नार्कोटिकस कण्ट्रोल ब्यूरो को सूचना दें। सरकार नशा तस्करों के जाल को तोड़ने में कतई देर नहीं करेगी।
सीएम ने आगे कहा कि नशा तस्करों का जाल तोड़ते हुए हमारी सरकार ने अभी तक सैकड़ों टन नशे की खेप पकड़कर उसे नष्ट किया है। नशा तस्करों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। कहा कि ये नशा तस्कर न केवल पैसे के लालच में युवाओं को बर्बाद कर रहे हैं बल्कि आतंकवाद जैसी देश विरोधी गतिविधियों को भी बढ़ावा देने में संलिप्त रहते हैं। इसलिए इनकी कमर तोड़ना बेहद आवश्यक है। जिसके लिए समाज के सहयोग की आवश्यकता है।












Click it and Unblock the Notifications